विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद-बिजनौर के कॉलेजों में हलचल तेज! GJU शिक्षक संघ के पहले अध्यक्ष पद के लिए आज जंग, CCTV से निगरानी

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:54 PM (IST)

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पहले अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होगा, जिसमें तीन प्रत्याशियों के बीच सीधा ...और पढ़ें

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

HighLights

  1. सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक मतदान, चार बजे से मतगणना; पोस्टर-बैनर और मोबाइल फोन मतदान केंद्र में प्रतिबंधित

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ को रविवार देर शाम तक पहला अध्यक्ष मिल जाएगा। अध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशियों के बीच सीधे मुकाबले को लेकर शिक्षकों में भी उत्सुकता बनी हुई है। शनिवार को प्रचार के अंतिम दिन तीनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी।

जो शिक्षक या कालेज संपर्क से छूट गए, उन्हें प्रत्याशियों ने फोन कर क्षमा मांगते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील की। अध्यक्ष पद के साथ ही महासचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, एफयूपीसीटीए प्रतिनिधि, कोषाध्यक्ष समेत 11 पदों पर कुल 27 प्रत्याशी मैदान में हैं।

रविवार को वर्धमान कालेज, बिजनौर में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम चार बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव परिणाम रात आठ से नौ बजे के बीच आने की संभावना है।

यह शिक्षक संघ का पहला प्रत्यक्ष चुनाव है और वर्धमान कालेज, बिजनौर में पहली बार चुनाव कराया जा रहा है। अध्यक्ष पद पर प्रो. एपी सिंह, हिंदू कालेज मुरादाबाद, प्रो. मुकेश कुमार, वर्धमान कालेज बिजनौर और प्रो. राकेश कुमार, हिंदू कालेज मुरादाबाद के बीच मुकाबला है।

चुनाव प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. पीके सिंह ने बताया कि चुनाव की पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैलेट पेपर भी तैयार हो चुके हैं।

मतदान प्रक्रिया को लेकर पोलिंग पार्टियों के साथ बैठक की गई और मतदान का रिहर्सल भी कराया गया। मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी।

चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। मतदान के दौरान मतदाताओं को कई नियमों का पालन करना होगा।

मतदान केंद्र के अंदर पोस्टर, बैनर और मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रत्याशियों ने भी अंतिम दिन अपने-अपने एजेंटों से संपर्क कर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा।

कुल 16 कालेज के 471 शिक्षक करेंगे मतदान

कुल 16 कालेजों के 471 शिक्षक मतदान करेंगे। इनमें सबसे अधिक 86 मतदाता हिंदू कालेज मुरादाबाद के हैं। वर्धमान कालेज बिजनौर में 73, जगदीश सरन हिंदू पीजी कालेज अमरोहा में 46, केजीके पीजी कालेज मुरादाबाद में 42 और साहू जैन कालेज नजीबाबाद में 34 मतदाता हैं।

गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कालेज में 24, गुलाब सिंह कालेज चांदपुर में 23, आरएसएम पीजी कालेज धामपुर में 23, एनकेबीएमजी कालेज चंदौसी में 21 और दयानंद आर्य कन्या डिग्री कालेज मुरादाबाद में 19 मतदाता हैं।

आरबीडी महिला महाविद्यालय बिजनौर में 16, गांधी स्मारक महाविद्यालय सुरजननगर-जैनगर में 14, एमजीएम पीजी कालेज संभल में 14, एसएम कालेज चंदौसी में 14, एसबीडी महिला महाविद्यालय धामपुर में 14 और महाराजा हरिश्चंद्र पीजी कालेज मुरादाबाद में आठ मतदाता हैं।

11 पदों के लिए 27 प्रत्याशी

अध्यक्ष पद पर प्रो. एपी सिंह, प्रो. मुकेश कुमार और प्रो. राकेश कुमार मैदान में हैं। महासचिव पद पर प्रो. प्रियांशा सिंह, डाॅ. जितेंद्र चौधरी, प्रो. जितेंद्र कुमार और प्रो. सुरेंद्र सिंह प्रत्याशी हैं।

उपाध्यक्ष पद पर डाॅ. जूही अग्रवाल, डाॅ. मुहम्मद साकिब, डाॅ. मुकेश सिंह, मुहम्मद सुलेमान, प्रो. अनिल कुमार और प्रो. ममता रानी चुनाव लड़ रही हैं।

संयुक्त सचिव पद पर डाॅ. अनीता चौधरी, डाॅ. अर्चना, डाॅ. बोदन सिंह, डाॅ. नीतू सिंह, डाॅ. प्रेमलता कश्यप, डाॅ. राजीव कुमार और डाॅ. राजेश कुमार मैदान में हैं।

एफयूपीसीटीए प्रतिनिधि पद पर डाॅ. अरुण कुमार वर्मा, डाॅ. धर्मेंद्र कुमार सिंह, डाॅ. ज्ञानेंद्र सिंह, डाॅ. हिमांशु त्रिपाठी और डाॅ. प्रीति चौधरी प्रत्याशी हैं। कोषाध्यक्ष पद पर डाॅ. अरविंद कुमार और डाॅ. सुनीता लता के बीच मुकाबला है।

यह भी पढ़ें- घर में ही ऑफिस का मजा: मुरादाबाद में बढ़ा होम वर्कस्पेस का क्रेज, इंटीरियर में लोग करवा रहे ये 4 खास बदलाव