ट्यूशन टीचर की हरकतों से परेशान छात्राएं, कभी पकड़ लेता है हाथ तो कभी करता है छेड़खानी
Dirty act of tuition teacher रंग मिजाज एक शिक्षक की हरकतों से छात्राएं ही नहीं बल्कि पूरे मुहल्ले के लोग परेशान हैं। शिक्षक पढ़ाते-पढ़ाते अक्सर लड़कियों के हाथ पकड़ लेता है। इतना ही नहीं वह उनके साथ अश्लील हरकतें भी करता है।
मुरादाबाद, जेएनएन। शहर के एक इलाके की लड़कियां और लोग एक ट्यूशन टीचर की रंग मिजाज आदत से परेशान हो उठे हैं। दरअसल टीचर पढ़ाने के बहाने अक्सर लड़कियों के हाथ पकड़ लेता है, वह उनपर अश्लील कमेंट भी करता है। इससे छात्राएं परेशान हो गईं। लोगोंं ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। इस पर आरोपित ट्यूशन टीचर को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। फिलहाल इस मामले में मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी सहसवीर सिंह के मुताबिक रेलवे चौकी क्षेत्र स्थित चंदन नगर कृष्णा कालोनी के बाशिंदों ने पुलिस को फोन किया। बताया कि मुहल्ले की लड़कियों से छेड़छाड़ व उन पर अश्लील फब्तियां कसने वाला एक ट्यूशन टीचर एक घंटे से खुद को कमरे में कैद करके बैठा है। रेलवे चौकी इंचार्ज हरिओम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्यूशन टीचर के घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद ट्यूशन शिक्षक ने दरवाजा खोला। मुहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि ट्यूशन टीचर लड़कियों के हाथ पकड़ लेता है। मुहल्ले की लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कसता है। उसे कुछ लोगों ने छेड़छाड़ करते पकड़ लिया। इसके बाद आरोपित घर में घुसकर खुद को कमरे में कैद कर लिया। तब मुहल्ले के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। आरोपित से पुलिस पूछताछ कर रही है।
हरकतों पर नजर रख रहे थे लोग
शिक्षक की हरकतों पर लोग काफी दिनों से नजर रखे हुए थे। उन्होंने उसे रंगे हाथ पकड़ भी लिया। इसके बाद शिक्षक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। हालांकि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है लेकिन कालोनी में चर्चाअेां का बाजार गर्म हो गया है।