विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गांगन नदी पर बनेगा 29 करोड़ का पुल, 20 गांवों की बदलेगी तस्वीर

Published: Fri, 23 Oct 2026 11:16 AM (IST)

मुरादाबाद में गांगन नदी पर 29 करोड़ रुपये की लागत से पुल का भूमि-पूजन किया गया, जिससे 20 गांवों को सीधा सड़क संपर्क मिलेगा।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. गांगन नदी पर 29 करोड़ का पुल निर्माण शुरू।

  2. 20 गांवों को मिलेगा सीधा सड़क संपर्क, यात्रा आसान।

  3. चार दशक पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक ने किया भूमि-पूजन।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गांगन नदी पर पुल की चार दशक पुरानी मांग अब पूरी होगी। गुरुवार को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने जैतिया फिरोजपुर से जैतिया सादुल्लापुर मार्ग पर 29 करोड़ 7 लाख 74 हजार रुपये की लागत से बनने वाले पुल का भूमि-पूजन किया।

पुल के साथ पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। इससे मूंढापांडे और कुंदरकी विकासखंड के करीब 20 गांवों को सीधा सड़क संपर्क मिलेगा।

स्थायी पुल नहीं होने से ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए अस्थायी लकड़ी के पुल का सहारा लेना पड़ता था। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने पर रास्ता बंद हो जाता था और लोगों को करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने विधानसभा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन से परियोजना को स्वीकृति मिली। इस अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली में पुलिस पूछताछ से आहत युवक ने की आत्महत्या, किशोरी लापता मामले में चल रही थी जांच