यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gagan Murder Case : प्रेमी से शादी में बाधक बनने पर साैतेली बहन ने सुपारी देकर कराई भाई की हत्या, दो गिरफ्तार
प्रेमी से शादी में बाधक बनने के साथ ही आवास हथियाने के लिए एक सौतेली बहन ने अपने भाई की ...और पढ़ें

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। प्रेमी से शादी में बाधक बनने के साथ ही आवास हथियाने के लिए एक सौतेली बहन ने अपने भाई की सुपारी देकर हत्या करा दी। कई दिनों तक लापता रहने पर पिता ने थाने में शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद मृतक की प्रेमिका के साथ ही उसके दोस्त को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया। जबकि, सुपारी देने वाली बहन और उसका प्रेमी अभी फरार है। पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन में एएसपी कोतवाली अनिल कुमार ने बताया कि मुगलपुरा थाना क्षेत्र के लालबाग रामगंगा कालोनी निवासी ओमप्रकाश ने दो शादी की थीं। जिसमें पहली पत्नी से दो बेटी नंदनी और पूजा हैं। जबकि दूसरी पत्नी कलावती से गगन उर्फ गौतम नाम का बेटा है। ओमप्रकाश ने बेटी पूजा का विवाह कर दिया था। जबकि उसकी दूसरी पत्नी की मौत हो चुकी है। घर में बड़ी बेटी नंदनी के साथ ही गगन रहता था। पिता ने बेटे की शादी भी करा दी थी। घर में संपत्ति को लेकर गगन और नंदनी में विवाद होता था। वहीं, सौतेली बहन पड़ोस में रहने वाले प्रदीप नाम के युवक से प्रेम करती थी। इस रिश्ते का गगन विरोध करता था। सौतेले भाई को रास्ते से हटाने के लिए नंदनी ने अपने प्रेमी प्रदीप के साथ मिलकर उसकी हत्या का प्लान बनाया। इस प्लान में दोनों ने भाई की प्रेमिका ममता और वीरू निवासी नई बस्ती जयंतीपुर मझोला को 50 हजार रुपये का लालच देकर मिला लिया। इसके बाद 13 जुलाई को ममता ने गगन को फोन करके नया मुरादाबाद के हर्बल पार्क में मिलने के लिए बुलाया। यहां पर पहले से मौजूद वीरू और प्रदीप ने मिलकर गगन की कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद ममता घर चली गई, वहीं प्रदीप और वीरू दोनों ने गगन को बाइक पर बैठाकर मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में बड़े नाले के पास खाली प्लाट में ले गए। यहां पर दोनों ने गगन को पहले जमकर शराब पिलाई। इसके बाद उसी के गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने उसी गमछे को मृतक के पैरों में ईटों के साथ बांधकर नाले में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी वापस घर लौट आए। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही दोनों आरोपित ममता और वीरू की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। मुगलपुरा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि चार आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो को जेल भेजने भेज दिया है।
कार्ड देने आई पत्नी को पता चला कि पति है गायब : मृतक गगन की पत्नी राधा निवासी बल्देवपुरी कटघर ने पुलिस को बताया कि उनके ससुर ओमप्रकाश को यह जानकारी दी गई थी, कि उनका बेटा ससुराल में रह रहा है। एक अगस्त को वह परिवार में होने वाली शादी का कार्ड देने घर गई थी, इस दौरान ससुर ने बेटे के बारे में पूछा तो वह चौंक गई। उसने बताया कि गगन लगभग 17 दिनों से घर में नहीं है। इसके बाद पिता भी चौंक गए। इस दौरान उन्होंने बेटी नंदनी को भाई के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सौतेली बहन ने कहा कि शायद अब भाई न मिले। इसके बाद उन्हें बेटी की बातों पर शक हो गया, इसके बाद उन्होंने मुगलपुरा थाने में तहरीर देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पिता के थाने जाते ही प्रेमी के साथ गायब हुई बेटी : बेटे के गायब होने की जानकारी के साथ ही जैसे ही बेटी पर शक हुआ तो पिता ओमप्रकाश थाने में तहरीर लेकर पहुंच गए। वहीं जब बेटी को इस बात की जानकारी हुई तो वह अपने प्रेमी प्रदीप के साथ गायब हो गई। पुलिस अब दोनों को तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपित वीरू उर्फ हरीश ने सुपारी की 50 हजार रुपये की रकम मिलने के बाद पुराने मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया था। इसके बाद 15 हजार रुपये का नया मोबाइल भी खरीदा था।
पांच घंटे तक पुलिस ने शव खोजने का चलाया अभियान : पुलिस ने गिरफ्तार की गई ममता की निशानदेही पर कटघर के गुलाबबाड़ी इलाके के नाले में शव खोजने का अभियान चलाया। दो घंटे के बाद इस अभियान को राेक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित वीरू उर्फ हरीश को गिरफ्तार किया। उसने बताया कि शव को जयंतीपुर के नाले में फेंका है। इसके बाद पुलिस ने रातभर जेसीबी से अभियान चलाया। जिसके बाद सुबह पांच बजे शव को बरामद किया गया।