दशहरे पर घरों से लेकर सामाजिक संगठनों ने किया शस्त्र पूजन
रविवार को दशहरा पर्व पर शास्त्र व शस्त्रों का विधि विधान से पूजन किया गया।
मुरादाबाद,जासं: रविवार को दशहरा पर्व पर शास्त्र व शस्त्रों का विधि विधान से पूजन किया गया। घरों में रखे शस्त्रों की सफाई की गई। तत्पश्चात मंत्रोच्चारण के साथ शस्त्रों के तिलक, कलावा बांधकर शगुन के रूप में फायर भी किया गया। घरों से लेकर सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक संगठनों ने पूजा की। राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से प्राचीन हनुमान मंदिर पुरानी तहसील परिसर में संगठन के कार्यकर्ता जुटे। पूजन के उपरांत हनुमान चालीसा का पाठ एवं भगवान हनुमान की आरती करके भोग लगाया गया। अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा कि हिन्दू धर्म में शास्त्र शस्त्रों की रक्षा करने, धर्म की रक्षा करने के लिए शस्त्रों का प्रयोग किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय हिदू परिषद के महामंत्री मनोज व्यास, श्याम कृष्ण रस्तोगी, अंशुल मित्तल, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के महानगर महामंत्री अमित अग्रवाल, मीडिया प्रभारी, अभिजीत अग्रवाल, मंत्री अतुल रावत, प्रखंड अध्यक्ष बुद्धि विहार सिद्धार्थ मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे। लाइनपार की रामलीला में भी शस्त्र पूजन किया गया।