हिडन कैमरे से ससुराली देखते थे बहू की गतिविधियां, पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा
ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न धमकी देने का आरोप। सीसीटीवी कैमरे से बहू की गतिविधि पर नजर रखते थे आरोपित आवाज भी करते थे रिकॉर्ड। आश्वासन की घुट्टी पिलाकर पति झांसा देता रहा। करवा चौथ के मौके पर महिला मुरादाबाद चली आई।
मुरादाबाद, जेएनएन। ससुरालियों की अनदेखी की शिकार बनीं नेहा डोडा की तहरीर पर सिविल लाइन पुलिस ने पति समेत पांच आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का आरोप है कि दहेज के लाचच में ससुरालियों ने उत्पीड़न की हदें पार कर दी। यहां तक कि उसकी मासूम बेटी को स्लो प्वाइजन देकर मारने का प्रयास हुआ। तहरीर के मुताबिक अलीगढ़ की मूल निवासी नेहा का विवाह वर्ष 2017 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कांठ रोड स्थित प्रकाश इन्क्लेव निवासी मनीष डोडा के साथ हुई थी। तब स्वजनों ने 30-35 लाख रुपये दहेज के रूप में ससुरालियों को दिया। इसके बाद भी ससुराली संतुष्ट नहीं हुए। ससुर कस्तूरी लाल डोडा, सास ऊषा डोडा, जेठ अमित डोडा व जेठानी रजनी डोडा दहेज से संस्तुष्ट नहीं हुए। दहेज को लेकर आरोपित ताने मारते थे और 25 लाख रुपये दहेज के रूप में लाने का दबाव बनाते थे। तब पीड़िता ने ससुरालियों की मांग से अपनी मां को अवगत कराया। मांग पूरी करने में मां ने असमर्थता जताई। नेहा के भाई व जीजा ने आरोपितों को समझाने का प्रयास किया। इससे आरोपित और कुपित हो गए। नेहा डोडा की निगरानी व उनकी गतिविधि को हिडन कैमरे में कैद किया जाने लगा। घर में आडियो डिवाइस लगाकर आवाज टेप की जाने लगी। रिकार्डिंग सुनाकर महिला को मानिसक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच महिला एक बच्ची की मां बनी। इससे खार खाई सास बच्ची को चोरी छिपे स्लो प्वाइजन देने लगी। इससे बच्ची बीमार रहने लगी। बच्ची की बीमारी व ससुरालियों की प्रताड़ना से त्रस्त महिला डेढ़ वर्ष पहले मायके चली गई। इस बीच उसने पति से ससुराल वापस बुलाने को कहा। आश्वासन की घुट्टी पिलाकर पति झांसा देता रहा। तब करवा चौथ के मौके पर महिला मुरादाबाद चली आई। यहां देर रात तक वह चौखट पर बैठी रही। फिर भी उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। थाना प्रभारी नवल मारवाहा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ गँभीर धारा में मुकदमा दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी गई है।