डॉक्टर की पत्नी समेत चार कोरोना पॉजिटिव, 97 की रिपोर्ट रही निगेटिव Moradabad News
101 लोगों की लखनऊ लैब से मिली रिपोर्ट । 7 कोरोना पॉजिटिव हुए स्वस्थ। बिलारी के मुहल्ला अंसारियान समेत दो मुहल्ले सील बुद्धि विहार सेक्टर दो में किया गया सैनिटाइजेशन।
मुरादाबाद,जेएनएन। लखनऊ पैथलैब से शुक्रवार को मिली 101 लोगों की रिपोर्ट में चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव और 97 लोगों के निगेटिव होने की पुष्टि हुई है। जबकि 19 लोगों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। रिपोर्ट में प्राइवेट डॉक्टर की पत्नी समेत चार लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं। इसके साथ सात लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
शुक्रवार की सुबह लखनऊ पैथलैब की रिपोर्ट में 97 लोग निगेटिव थे जबकि 19 लोगों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया था। दोपहर में दूसरी लिस्ट में चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें एक महिला मुफ्ती टोला निवासी हंै। ये कोरोना संक्रमित प्राइवेट डॉक्टर की पत्नी हैं। दूसरा केस पॉजिटिव निकलने से मुफ्ती टोला में हडकंप मचा हुआ है।
पुलिस ने सभी रास्तों को किया बंद
पुलिस ने सभी रास्तों को बंद कर दिया है।बुद्धि विहार के सेक्टर दो में संभागीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र के नजदीक का रहने वाला युवक है। तीसरा मुहल्ला अंसारियान का रहने वाला है। एक रामतलैया का है। उधर, पुलिस ने बिलारी के मुहल्ला अंसारियान समेत दो मुहल्ले सील करने के साथ ही लाइनपार रामतलैया के कई क्षेत्रों में आवाजाही बंद करा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुद्धि विहार सेक्टर दो में सैनिटाइजेशन कराने के साथ क्षेत्र में कई लोगों रेंडम नमूने लिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमसी गर्ग ने बताया कि चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 97 निगेटिव हैं। सभी लोगों के नमूने कराए जा रहे हैं।
महिला समेत सात लोगों ने दी कोरोना को मात
कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर घर जा रहे हैं। शुक्रवार को महिला अस्पताल की नई बिङ्क्षल्डग से सात लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इसमें छह पुरुष और एक महिला है। आदर्श कालोनी का 14 वर्षीय, ठाकुरद्वारा का 28 वर्षीय, भातू कालोनी की 24 वर्षीय, छजलैट के छज्जूपुरा का 26 वर्षीय, 25 वर्षीय, सूर्यनगर लाइनपार का 26 वर्षीय, कॉसमॉस अस्पताल के 29 वर्षीय वार्ड ब्वाय ने कोरोना को मात दी है। शुक्रवार को निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल से छुटटी दे दी गई है। कोविड-19 एल-1 श्रेणी के प्रभारी डॉ संजीव बेलवाल ने बताया कि कि जिन लोगों की रिपोर्ट मिल रही है। उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है। अब ये सभी लोग 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहेंगे।