भाजपा को हराने के लिए यूपी से लेकर बिहार तक तैयार हो रही जमीन
अमरोहा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता असलम शेर खां ने कहा कि सभी विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए प्रयासरत हैं।
मुरादाबाद । अमरोहा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता असलम शेर खां ने कहा कि सभी विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए प्रयासरत हैं। यूपी से लेकर बंगाल और बिहार तक इसके लिए प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है।
भाजपा पर साधा निशाना
जोया मार्ग स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व हॉकी प्लेयर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा और रालोद के बीच गठबंधन के सवाल पर श्री खां ने कहा कि कांग्रेस पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कांग्रेस अपने दमखम के साथ सूबे की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जो भी कोई दूसरा दल पार्टी की विचारधारा से सहमत होकर साथ जुडऩा चाहेगा, उसका साथ लिया जाएगा। कांग्रेस से प्रधानमंत्री पद का चेहरा कौन होगा? इस सवाल पर थोड़ा हिचकिचाए। कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम पद के दावेदार नहीं हैं।
सभी प्रदेशों में इस फार्मूले को अपनाया जाएगा
मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत का हवाला देते हुए बोले कि सभी प्रदेशों में इसी फार्मूले को अपनाया जाएगा। पश्चिम बंगाल, केरल, आन्ध्र प्रदेश के अलावा देश के अन्य प्रदेशों में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा तैयार हो चुका है। इसलिए अब केन्द्र की मोदी सरकार को अलविदा कहने का समय आ गया है। इस मौके पर मजाहिर हुसैन तुर्क व शाहिद खेड़ी मौजूद रहे।