ठंड के साथ ही बुखार भी बन रहा जानलेवा, बुजुर्ग व मासूम की मौत Amroha news
इस बार दशकों बाद इतनी कड़ाके की ठंड पड़ी है। ठंड से जनजीवन बेहाल है। हालांकि दो दिन धूप निकल रही है लेकिन हवा चलने से शीतलहर का प्रकोप जारी है।
अमरोहा, जेएनएन। औद्योगिक नगरी गजरौला में ठंड व बुखार दोनों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में एक बुजुर्ग की ठंड लगने से मौत हो गई। वहीं बुखार से पीडि़त एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची भी मौत की नींद सो गई।
मुहल्ला बसंत विहार निवासी 60 वर्षीय चरण सिंह मंगलवार की रात घर में सो रहे थे। रात में ठंड लगने पर परिजनों को बुलाया तो अचानक से सीने में दर्द की शिकायत शुरू हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उधर मंडी धनौरा निवासी विजेंद्र सिंह की डेढ़ वर्षीय पुत्री मानवी भी पिछले कई दिनों से बुखार से पीडि़त थी। उसका नगर के एक निजी अस्पताल से इलाज चल रहा था। बुधवार की सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। जब तक अस्पताल में लेेकर पहुंचे तो उसकी मौत हो गई। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। बता दें कि इससे पूर्व भी कई लोगों की ठंड व बुखार से मौत हो चुकी है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि व्यक्ति को जब सीएचसी लाया गया था। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मासूम की मौत के बारे में जानकारी नहीं है।