त्योहारी सीजन में रसोई का बजट बिगड़ा: 10 दिन में ₹12 महंगी हुई चीनी, दाल और तेल के दाम भी आसमान पर
त्योहारी सीजन में मुरादाबाद में रसोई का बजट बिगड़ गया है, जहां 10 दिनों में चीनी, दाल, चावल और सरसों ...और पढ़ें

मोहल्ला रेती स्ट्रीट स्थित दुकान में रखी खाद्य सामग्री। जागरण
HighLights
अरहर की दाल 15 रुपये, चावल आठ रुपये और सरसों का तेल 10 रुपये महंगा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। त्योहारी सीजन में रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है। 10 दिन के भीतर चीनी, अरहर की दाल, चावल और सरसों के तेल के दाम बढ़ने से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। सबसे ज्यादा उछाल चीनी की कीमतों में आया है।
एक अक्टूबर को खुदरा बाजार में 50 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी 11 अक्टूबर को 60 रुपये और 12 अक्टूबर को 62 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। यानी 10 दिन में 12 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। थोक बाजार में रोज बदलते भाव से दुकानदार असमंजस में हैं।
अरहर की दाल 10 दिन पहले थोक में 120 और खुदरा बाजार में 130 रुपये किलो बिक रही थी। अब इसके भाव बढ़कर 130 और 145 रुपये किलो हो गए हैं। इस तरह खुदरा कीमत में 15 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।
चावल के थोक भाव 107 से बढ़कर 115 रुपये और खुदरा भाव 112 से 120 रुपये किलो पहुंच गए हैं। दोनों बाजारों में आठ रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। सरसों के तेल की कीमतों में भी तेजी है।
10 दिन पहले थोक में 162 और खुदरा बाजार में 170 रुपये लीटर बिकने वाला तेल अब 170 और 180 रुपये लीटर मिल रहा है। थोक भाव में आठ और खुदरा भाव में 10 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
मुहल्ला कच्चा बाग निवासी सईदउद्दीन मार्शल ने बताया कि चीनी के दाम कम होने के बाद फिर बढ़ गए हैं। कंजरी सराय निवासी विपुल अग्रवाल के अनुसार, खाद्य पदार्थ पर हर दिन नया दाम सुनने को मिल रहा है।
रोज बदल रहे चीनी के भाव
कटरा नाज के दुकानदार प्रतीक रस्तोगी ने बताया कि चीनी के दाम में रोज उतार-चढ़ाव हो रहा है। जिस दिन का भाव मिलता है, उसी के हिसाब से बिक्री करनी पड़ती है। इंद्रा चौक के खुदरा दुकानदार शाहनवाज के मुताबिक, थोक में खरीद के दाम हर दिन बदल रहे हैं।
कटरा नाज से मुहल्ले तक माल लाने का भाड़ा, दुकान का किराया और अन्य खर्च जोड़ने के बाद ही खुदरा कीमत तय होती है। बाजार में तेजी का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- धान छोड़ा, खेत में खिलाया कमल: मुरादाबाद के किसानों का कमाल, 25 हजार लगाकर 3 लाख का मुनाफा
