यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुरादाबाद के क्रय केंद्रों पर संकट में किसानों का धान, खुले आसमान के नीचे रखे धान के बोरे, जानिए वजह
Moradabad Paddy Purchase Center जिले के धान क्रय केंद्रों का बुरा हाल है। अगवानपुर सहकारी संघ के क्रय केंद्र में ...और पढ़ें

मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Paddy Purchase Center : जिले के धान क्रय केंद्रों का बुरा हाल है। अगवानपुर सहकारी संघ के क्रय केंद्र में धान के बोरे खुले में रखे हैं। अचानक बूंदाबांदी हो जाने पर इस धान को बर्बाद होने से कोई नहीं बचा सकता है। धान क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं ठीक नहीं है। किसानों के बैठने का सही से इंतजाम नहीं किया है। किसान धान की तौल कराने के लिए धक्के खाते घूम रहे हैं। अगवानपुर के सहकारी संघ में धान के बोरे खुले आसमान के नीचे रखे हुए हैं।
एमडी इकरामुद्दीन का कहना है कि दस दिन से धान क्रय केंद्र से न उठ पाने के कारण गोदाम भर गए हैं। इस कारण धान के बोरे को बाहर रखने पड़े हैं। भाकियू के वरिष्ठ नेता डा. नौसिंह ने बताया कि धान खरीद को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं है। ग्राम मौढा तैय्या में धान क्रय केंद्र पर किसानों से धान तुलवाने के नाम पर सुविधा शुल्क लिया जा रहा है। किसानों को बहानेबाजी करके परेशान किया जा रहा है। गुरुवार को उन्होंने इसकी शिकायत एडीएम प्रशासन से भी की है। धान बेचने के बाद भी किसानों को भुगतान नहीं मिल रहा है। ऐसे में एमएसपी पर धान बेचने से फायदा किसानों को नहीं मिल रहा है। मौढा तैय्या में उचित जगह धान क्रय केंद्र न होने का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। जल्द ही सुधार नहीं होने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई है।
