अमरोहा में नाबालिग के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
अमरोहा के गांव बिकनी निवासी वरुण को बीती 28 जुलाई को पास के गांव निवासी उसका नाबालिग सहपाठी बुला कर ले गया था। उसके बाद वरुण घर नही लौटा था तथा लापता हो गया था। 29 जुलाई को गांव बिकनी के जंगल से उसका शव बरामद हुआ था।
अमरोहा, जेएनएन। नाबालिग बेटे के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन घर में ही भूख हड़ताल पर बैठ गए। वह पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर स्वजनों को समझाया तथा भूख हड़ताल खत्म कर दी।
देहात थाना क्षेत्र के गांव बिकनी निवासी किसान परम सिंह का बेटा वरुण बीती 28 जुलाई को पास के गांव निवासी उसका नाबालिग सहपाठी बुला कर ले गया था। उसके बाद वरुण घर नही लौटा था तथा लापता हो गया था। शक के आधार पर स्वजनों ने उसके साथी सहपाठी का नाम पुलिस को बताया था। उसके सहपाठी ने पुलिस को वरुण की हत्या करने की बात बताई थी। साथ ही 29 जुलाई को गांव बिकनी के जंगल से शव भी बरामद करा दिया था। इस मामले में स्वजनों ने वरुण के सहपाठी व उसके माता पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नाबालिग आरोपित को जेल भेज दिया था। घटना का कारण दोनों सहपाठियों का स्कूल में हुआ विवाद था। अब वरुण के स्वजन आरोपित के माता पिता की गिरफ्तारी की मांग भी कर रहे हैं। जबकि पुलिस जांच में उन्हें बेकसूर माना गया है।
शनिवार को वरुण के स्वजनों ने घर में ही भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। पिता परन्तु सिंह ने कहा कि उनके बेटे के हत्यारोपितों को गिरफ्तार किया जाए। सूचना मिलने पर एसओ देहात सुरेश गौतम फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। वहां भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को समझा कर मामला शांत कराया। पुलिस के समझाने पर स्वजनों ने हड़ताल खत्म कर दी। एसओ ने बताया कि मामले को खत्म करा दिया है। स्वजनों को समझा दिया गया है।