Embassy of Indonesia : जमात से जुड़े आठ इंडोनेशिया नागरिकों को जेल से छुड़ाने के लिए दूतावास सक्रिय Moradabad News
Embassy of Indonesia जेल में बंद आठ इंडोनेशियाई नागरिकों से मिलने के लिए आए थे दूतावास के प्रथम सचिव चाल्र्स। डीएम से अनुमति के बाद फल देने पहुंचे जेल।
मुरादाबाद, जेएनएन। ठाकुरद्वारा की मस्जिद में जमात से जुड़े आठ इंडोनेशिया के नागरिकों को वीजा नियमों के उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया था। इन नागरिकों को पहले क्वारंटाइन सेंटर में 28 दिनों तक रखने के बाद कारागार में शिफ्ट कर दिया गया था। इंडोनेशिया के नागरिकों को छुड़ाने के लिए दूतावास के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। वे अपने स्तर से हर संभव कोशिश में लगे हैं। इसी के तहत कलेक्ट्रेट में दूतावास के प्रथम सचिव चाल्र्स अपने सहयोगियों के साथ मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान वह अफसरों के कार्यालयों में जाकर जिलाधिकारी से मिलने के बारे में जानकारी मांगते रहे। कर्मचारियों के द्वारा जानकारी देने पर दूतावास के अधिकारी सीधे जिलाधिकारी के आवास भी पहुंच गए। हालांकि, वहां भी जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो पाई।
दोपहर तीन बजे तक भटकते रहे अधिकारी
सुबह आए दूतावास के अधिकारी दोपहर तीन बजे तक शहर में भटकते रहे। इस दौरान करीब ढाई बजे जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह से फोन पर इंडोनेशिया दूतावास के प्रथम सचिव ने बात की। जिलाधिकारी से नागरिकों की हाल-खबर जानने के बाद उनसे मिलने की इच्छा व्यक्त की, जिसे नकार दिया गया।
शासन के निर्देश पर बंद कर दी मिलाई
जिला कारागार में शासन के निर्देश पर मिलाई बंद कर दी गई। इन्हीं नियमों के चलते अधिकारियों की बंदियों से मिलाई नहीं हुई। हालांकि, इस दौरान उन्हें खाने-पीने की सामग्री जेल में पहुंचाने की अनुमति प्रदान की गई थी। जेलर मृत्युंजय कुमार पांडे ने बताया कि दूतावास के अधिकारी फल देकर गए थे, जिसे 36 घंटे बाद संबंधित बंदियों को प्रदान कर दिया जाएगा।