जानलेवा हुआ घरेलू विवाद, बहू से लड़ाई के बाद सास ने खुद को लगाई आग, जानिए पूरा माजरा Amroha news
सास का बहू से किस बात को लेकर झगड़ा था अभी तक यह सामने नहीं आ सका है। वहीं दूसरी तरफ इस मामले में पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई है।
अमरोहा, जेएनएन। सास-बहू के झगड़ेे अक्सर सुर्खियों में आते रहते हैं लेकिन, कभी-कभी यह विवाद जानलेवा स्थिति में पहुंच जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ जनपद अमरोहा में। जहां सास-बहू का झगड़ा खुदकशी तक पहुंच गया। घरेलू विवाद के बाद सास ने खुद को आग ली। गंभीर हालत में पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में वहां से भी रेफर कर दिया गया।
डिडौली गांव में स्व. महेश चंद शर्मा की 55 वर्षीय पत्नी सोमवती देवी शर्मा व बेवा पुत्रवधू गीता में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को उसी बात को लेकर सास सोमवती देवी ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर खुद को आग के हवाले कर लिया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक सोमवती बुरी तरह झुलस चुकी थीं। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उन्हें 80 प्रतिशत झुलसा बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत बिगडऩे पर उन्हें दिल्ली के रेफर कर दिया गया।