चिकित्सकों ने छह कोरोना आशंकित का लिया नमूना, आइसोलेशन वार्ड में कराया भर्ती Amroha News
इनमें पति-पत्नी व उनकी बेटी भी शामिल। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में कराया भर्ती। लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहा है पुलिस और प्रशासन।
अमरोहा,जेएनएन। चिकित्सकों ने कोरोना वायरस की आशंका जताते हुए छह लोगों का नमूना लेकर जांच को भेजा है। इन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं धनौरा क्षेत्र की महिला की जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई।
अमरोहा नगर के तीन लोगों को सप्ताहभर से खांसी जुकाम की शिकायत थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर स्वास्थ्य महकमे ने इनके स्वास्थ्य की जांच कर क्वारंटाइन के लिए एक को वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी में जबकि दो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खांसी जुकाम की शिकायत खत्म नहीं होने पर चिकित्सकों ने रविवार को कोरोना वायरस की आशंका जताते हुए इनके नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। तीनों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है।
इनके अलावा बछरायंू के पति-पत्नी व उनकी बेटी को भी जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनका भी नमूना लिया गया है। ये दंपती दिल्ली से लौटे थे। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि छह लोगों की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं। उधर, जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती धनौरा क्षेत्र के एक गांव महिला की जांच रिपोर्ट मिल गई है। जिसमें महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं होने पर उसे क्लीनचिट देकर अस्पताल से छुट्टी कर दी है। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि महिला को क्लीनचिट देकर छुट्टी कर दी है।