राजबब्बर बोले, प्रधानमंत्री मोदी में पाकिस्तान को छेडऩे की हिम्मत नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि कहा कि मोदी मन की नहीं करते है बल्कि मनमानी बात करते है।
मुरादाबाद, जेएनएन। राज बब्बर ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि देश का माहौल दूसरा है। पिछले दिनों पुलवामा में हमारे 40 से ज्यादा जवान शहीद हुए। उस समय प्रधानमंत्री शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के बजाय कपड़े बदलने में व्यस्त थे। इसके बाद चुनावी रैली की और फिर दूसरे काम। घटना के साढ़े तीन घंटे बाद उन्हें जवानों को श्रद्धांजलि देने की याद आई। मैं आज मंच से कहता हूं कि पाकिस्तान को छेडऩे की मोदी में हिम्मत नहीं है, क्योंकि अदानी पाकिस्तान को बिजली बेचते हैं। मोदी में इतनी हिम्मत नहीं कि अदानी के काम में टांग अड़ा सकें।
मोदी करते खुद को मजबूत करने की बात
भाजपा केवल अपना हित देख रही है। प्रधानमंत्री केवल खुद को मजबूत करने की बात करते हैं, जबकि हम देश को मजबूत करना चाहते हैं। पीएम ऐसा करने वाले दूसरों को गद्दार बताकर उनके घरों में झांकने का काम करते हैं। यह देश की जनता तय करे कि गद्दार कौन है? कहा कि पाकिस्तान का नाम लेकर केवल एक वर्ग को गाली देते हैं। राज बब्बर ने कहा कि कहा कि मोदी मन की नहीं करते है बल्कि मनमानी बात करते है। वे आखिरी बार बात कर रहे हैं जनता उन्हें पहचान गई है। मई में फिर से मन की बात करने का दावा उनके मन का वहम है। उन्होंने यह बात मुरादाबाद की धन्यवाद रैली को संबोधित करने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
लोग अपनी पार्टी छोड़कर आ रहा हमारे साथ
रैली के दौरान कहा कि पीएम को पता नहीं है कि जनता क्या चाह रही है वे मनमानी बात करते आये हैं। उन्हें जनता की परेशानी की चिंता नहीं है। खुद को संतुष्टि व सुख देने और अपनी ताकत बढ़ाने के लिए ये बात करते हैं। इसका अंजाम ये है कि लोग पार्टी छोड़कर हमारे साथ आ रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राशिद अलवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 5 साल में सभी के सपने तोड़ दिए। मन की बात करते हुए कहा कि मई में दोबारा बात करूंगा। किस आधार पर ये बात कह दी, यह भी स्पष्ट करते। जनता के मन की बात बिना जाने ही कुछ भी बोल देते हैं। 5 साल में देश बर्बाद कर दिया। हिन्दू मुस्लिम को लड़ाने का काम किया। 5 साल में राम मंदिर की बात नहीं अब चुनाव आया तो फिर राम मंदिर याद आ गया। मोदी 5 साल में एक बार भी पूजा करने अयोध्या नही गए। कम से कम एक बार वहां जाकर पूजा तो करते।
पुलवामा में 44 जवान शहीद हो गए। मैं पूछता हूँ कि 300 किलो आरडीएक्स कैसे देश मे पहुंचा और हमला कर दिया। देश बदला मांग रहा है। कहते थे कि एक जवान के सिर के बदले 10 सिर लाएंगे। अब तो 44 जवान शहीद हो गए अभी तक एक भी नहीं मारा। तीन तलाक को मुद्दा बनाते हो। हम भी कानून बनाएंगे मोदी जी। लोगों ने बिना कारण अपनी पत्नियों को छोड़ दिया उनको जेल भेजेंगे। ये प्रधानमंत्री के लिए शर्म की बात है कि आप किले में रहते हो और आप की मां कोठरी में रहती है। कोई मां अपने बेटे को नरेंद्र मोदी नहीं बनाना चाहेगी। कांग्रेस ने गाय की सुरक्षा के लिए कानून बनाया, लेकिन वे गाय के नाम पर लोगों की हत्या कर रहे हैं। ये जहर से भरे लोग हैं । अजगर भी इनके आगे शर्मिदा हो जाए।
सपा और बसपा भाजपा से मिले
महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि सपा और बसपा का गठबंधन करके साबित कर दिया है कि वे अंदरखाने भाजपा से मिले हुए हैं। अगर वे कांग्रेस को साथ ले लेते तो भाजपा की एक भी सीट नहीं आती। चुनाव में 50 फीसद सीट अगर बीजेपी जीतती है तो उसका श्रेय अखिलेश यादव को जाएगा। इन्होंने किसी अन्य दल को साथ नहीं लिया क्योंकि ये दोनों दल मिलकर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं ।