24 घंटे जलता रहेगा अखंड दीया: 500ml तेल क्षमता और लेजर कटिंग डिज़ाइन, इस दिवाली बाजार में उतरीं ये 3 नई चीजें
दीपावली के लिए बाजार में रोशनी और सजावट के नए उत्पाद आ गए हैं, जिनमें क्रिस्टल ग्लास के अखंड दीपक ...और पढ़ें

पान के पत्ते में दीपक, अखंड दीपक का नया माडल और चौकोर लेजर कटिंग दीपक
HighLights
दीपावली पर बाजार में खरीदारों को देखने को मिलेंगे अलग-अलग तैयार दीपक
फुटकर दुकानदारों ने होलसेल कारोबारियों के पास बुक कराए आर्डर
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में रोशनी और सजावट की रौनक बढ़ने लगी है। घर की दहलीज से लेकर पूजा स्थल तक सजाने के लिए इस बार दीपकों और पूजन सामग्री की नई रेंज बाजार में उतरी है। पारंपरिक दीपकों के साथ अखंड दीपक का बदला हुआ स्वरूप लोगों का ध्यान खींच रहा है।
क्रिस्टल ग्लास में तैयार यह दीपक 200 से 500 एमएल तक तेल की क्षमता के साथ उपलब्ध है। इसके अलावा पान के पत्ते के आकार की सजावट, लेजर कटिंग से तैयार दीपक और पैंदी तथा गोमाता की आकृति वाली पीतल की थाली भी बाजार की खासियत बनी है।
बढ़ती कीमतों के बावजूद पीतल की पूजन सामग्री की मांग बनी हुई है। दुकानदारों को उम्मीद है कि दीपावली तक इन आकर्षक उत्पादों की बिक्री और बढ़ेगी। फुटकर दुकानदारों ने थोक व्यापारियों के पास अपने-अपने आर्डर बुक करा दिये हैं। जिससे जो रेट आज का है। उसी रेट पर उन्हें उत्पाद मिल सकें।
क्रिस्टल ग्लास में अखंड दीपक, 500 एमएल तक तेल की क्षमता
दीपावली पर घर में अखंड ज्योत जलाने की परंपरा को इस बार नया रूप मिला है। बाजार में क्रिस्टल ग्लास से तैयार अखंड दीपक लोगों को आकर्षित कर रहा है। गुजरात में तैयार किए गए इस दीपक में दो क्रिस्टल ग्लास का विशेष संयोजन किया गया है।
एक हिस्से में तेल भरा जाता है, जबकि दूसरे हिस्से से रोशनी की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग आकार में उपलब्ध इस दीपक में 200 से 500 एमएल तक तेल भरा जा सकता है। व्यापारी अमरीश अग्रवाल ने बताया कि इसकी कीमत एक से ढाई हजार रुपये तक है।
पीतल की थाली पर उभरी गोमाता की छवि
पीतल की कीमत भले ही लगातार बढ़ रही हो, लेकिन दीपावली पर पूजन सामग्री में इसकी चमक कम नहीं हुई है। बाजार में इस बार गोमाता की छवि वाली पीतल की थाली खास आकर्षण बनी हुई है।

थाली पर गोमाता का चित्र मशीन की मदद से बेहद बारीकी से तैयार किया गया है। पूजा की सामग्री रखने के साथ ही यह थाली सजावटी रूप में भी इस्तेमाल की जा सकती है।
ब्रास कारखानेदार एसोसिएशन अध्यक्ष हाजी आजम अंसारी ने बताया कि बाजार में लोग पूजन के लिए ऐसी सामग्री पसंद कर रहे हैं, जिसमें परंपरा के साथ कलात्मकता भी दिखाई दे।
पान का पत्ता और लेजर कटिंग की पैंदी
बाजार में पान के पत्ते की डिजाइन और लेजर कटिंग से तैयार पैंदी वाले अखंड ज्योत दीपक लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। इनमें पत्तियों और पान के पत्ते की आकृतियों को इस तरह सजाया गया है कि दीपक जलने पर रोशनी के साथ डिजाइन की छाया भी दिखाई देती है।

इससे साधारण दीपक भी आकर्षक सजावटी वस्तु का रूप ले लेता है। दीपावली पर पूजा स्थल और बैठक को सजाने के लिए इनकी मांग बढ़ रही है। व्यापारी संजय सहगल के अनुसार इस बार ग्राहक परंपरागत दीपक के साथ नए डिजाइन और आधुनिक कारीगरी वाले दीपकों को भी पसंद कर रहे हैं।
