मीट की थाली देखते ही उड़े 'शहनवाज' के होश! किराए के बरातियों के साथ खुली असली पहचान, बिन दुल्हन लौटी बरात
एक हिंदू युवक मुस्लिम बनकर दिल्ली से मैनाठेर बारात लेकर आया, लेकिन मीट की थाली ने उसकी असली पहचान उजागर ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
युवती के कहने पर दिल्ली से बरात लेकर मैनाठेर आया था युवक, रात भर चला ड्रामा
संवाद सूत्र, मैनाठेर (मुरादाबाद)। प्यार में मजहब की दीवार पार कर शादी करने का सपना लेकर प्रेमिका के कहने पर एक दिन के लिए मुस्लिम बनके दिल्ली से मैनाठेर पहुंचे युवक की बरात को आखिरकार बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
शादी की तैयारियों के बीच सबकुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन दूल्हे के सामने खाना परोसे जाने के बाद ऐसा घटनाक्रम हुआ कि बरातियों की पहचान से लेकर शादी की पूरी कहानी सामने आ गई।
दरअसल दूल्हा हिंदू था, इस बात की जानकारी युवती को थी। प्रेमिका से शादी करने के लिए वह अपना नाम शहनवाज बताकर प्रेमिका से शादी करने के लिए बरात लेकर मैनाठेर आया था। कुछ दोस्तों को उसने मुस्लिम वेशभूषा धारण कराकर बराती बनाया।
मगर, नवरात्र में जैसे ही मीट वाले खाने की खाली सामने आई तो उसके साथ दोस्तों ने भी उसे खाने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद कहानी खुल गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो किराए पर लाए गए बरातियों की चौकाने वाली कहानी सामने आई।
मैनाठेर क्षेत्र के एक गांव की मुस्लिम युवती करीब एक साल पहले अपनी बहन का इलाज कराने दिल्ली के एक अस्पताल गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली के दिलशाद गार्डन निवासी एक हिंदू युवक से हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया, लेकिन दोनों की शादी के आड़े धर्म आ रहा था। युवती चाहती थी कि वह अपने स्वजन की मौजूदगी में शादी करे, लेकिन उसे यह भी पता था कि अगर स्वजन को पता चल गया कि लड़का हिंदू है तो वह शादी नहीं करेंगे।
ऐसे में दोनों ने योजना बना ली। युवक का नाम शहनवाज बताकर युवती ने अपने स्वजन उसके बारे में बताया। स्वजन युवक को देखने के लिए दिल्ली पहुंचे। वहां पर रिश्ता तय हो गया।
युवती के स्वजन को यह भनक तक नहीं लगी कि युवक हिंदू है। ऐसे में शादी का दिन तय हुआ। तय दिन के तहत रविवार शाम युवक बरात लेकर मैनाठेर पहुंच गया। उसके साथ दोस्त भी मुस्लिम वेशभूषा में पहुंचे।
इंस्पेक्टर मैनाठेर किरनपाल सिंह ने बताया कि खाने के दौरान थाली में मीट देखकर दूल्हे के दोस्त नाराज हो गए। उन्होंने मीट खाने से इन्कार कर दिया। जिससे हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिली। पूछताछ में मामले की हकीकत सामने आ गई।
