बदमाशों के कहर का शिकार बने चार्टर्ड अकाउंटेंट की उपचार के दौरान मौत
मूंढापांडे के दलपतपुर में डकैतों के कहर बरपाने से घायल हुए सीए ने उपचार के दौरान कॉसमॉस अस्पताल में दम तोड़ दिया है।
मुरादाबाद,जेएनएन। मूंढापांडे के दलपतपुर में डकैतों के कहर बरपाने से घायल हुए सीए ने उपचार के दौरान कॉसमॉस अस्पताल में दम तोड़ दिया है। सीए की मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के प्रति गुस्सा पनप रहा है। ग्रामीणों ने बदमाशों की धरपकड़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि चौबीस घंटे बाद भी पुलिस बदमाशों का पता नहीं चल पाई है। बदमाशों ने चारपाई पर लेटे हुए सीए पर जमकर लाठी-डंडों से मारपीट की थी।
यह है पूरा घटनाक्रम
सतेंद्र कुमार पत्नी बबली और नौ साल की बेटी मानसी के साथ दलपतपुर में रहते हैं। सतेंद्र कटघर के लाजपतनगर स्थित एक फर्म में चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। शुक्रवार रात को सतेंद्र घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि दूसरी चारपाई पर बबली बेटी मानसी के साथ सोई हुई थीं। रात को करीब एक बजे तीन बदमाश घर के अंदर छत के रास्ते से घुस आए। दो बदमाश मकान के मुख्य गेट पर खड़े हुए थे। बदमाशों ने सबसे पहले सतेंद्र को उठाया, उनके विरोध करने पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडों से वार किए। सतेंद्र का शोर सुनकर बबली उठी तो उसके सिर पर डंडा मार दिया और मानसी के थप्पड़ जड़ दिए। बबली ने इशारे से मानसी को बदमाशों की नजर से बचाते हुए छत पर भेज दिया। मानसी ने छत पर खड़े होकर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के सभी लोग लाठी-डंडे से लैस होकर सतेंंद्र के घर की ओर दौड़े।
शोर पर बुला लिया था बदमाश ने साथियों को
ग्रामीणों को आता देखकर घर के बाहर खड़े बदमाशों ने अपने साथियों को वापस बुला लिया। सभी बदमाश बिना लूटपाट किए ही मौके से जंगल की तरफ भाग निकले।
शनिवार देर रात तोड़ दिया दम
पुलिस की मदद से खून से लथपथ अवस्था में सतेंद्र को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को उपचार के दौरान सतेंद्र की मौत हो गई। सीए की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश
साथ ही ग्रामीणों में पुलिस कार्रवाई के प्रति गुस्सा पनप रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 24 घंटे बाद भी पुलिस ने अभी तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि पत्नी और बेटी के शोर मचाने पर हमलावर लूटपाट किए बगैर भागने में कामयाब हो गए।
लूटपाट करने या हत्या करने आए थे बदमाश
सीए के घर पर कहर बरपाने की घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। सवाल यह है कि हमलावर सतेंद्र को मारने आए थे या लूटपाट करने। हमलावरों ने घर में घुसते ही सतेंद्र पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया है। पुलिस अभी तक यह भी समझ नहीं पा रही है कि बदमाश लूटपाट करने या हत्या करने आए थे। अभी तक घटनाक्रम बता रहा है कि हमलावर सतेंद्र की हत्या करने के इरादे से आए थे। पुलिस इस घटना के बाद बदमाशों की तलाश के साथ परिवार की रंजिश पर भी काम कर रही है।
हमलावरों की तलाश कर रही है पुलिस
डीआइजी जे रविन्दर गौड ने बताया कि दलपतपुर में सीए की हत्या करने के बाद मामले में स्थानीय पुुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को लगा दिया है। बदमाशों की तलाश के साथ परिवार से रंजिश को भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सभी तथ्यों पर आधार बनाकर हमलावरों की तलाश कर रही है।