पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव
पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव।
मुरादाबाद, जेएनएन। गन्ना क्रय केंद्र के लोडर पर ड्राइवर का कार्य करने वाले युवक का शव बुधवार को आम के पेड़ से लटका मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर छजलैट थाना पुलिस, पुलिस क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
अमरोहा के थाना अमरोहा देहात के ग्राम मुनव्वरपुर निवासी 26 वर्षीय राहुल पुत्र थान सिंह ग्राम दाढ़ी महमूदपुर में गन्ना क्रय केंद्र के लोडर पर ड्राइवरी करता था। रात में वह अपनी चचेरी बहन के यहा दाढ़ी महमूदपुर में ही अक्सर रुक जाता था। बुधवार की सुबह गन्ना क्रय केंद्र के पास स्थित आम के पेड़ से गले में रस्सी के फंदे के सहारे ग्रामीणों ने राहुल के लटकते शव को देखा तो सनसनी फैल गई। थानाध्यक्ष छजलैट सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। मौका मुआयना किया और उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ बलराम सिंह भी पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने हत्या के बाद तो शव पेड़ पर नहीं लटकाया। इस बिंदु पर भी पुलिस जाच कर रही है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।