घर में घुसकर महिला के दोनों कानों के कुंडल लूटे
कांठ छजलैट थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अज्ञात नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर एक महिला के कुंडल लूट लिए।
कांठ : छजलैट थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अज्ञात नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर एक ग्रामीण के घर में घुस गए। पशुओं के पास पशुशाला में सो रही महिला के दोनों कानों के सोने कुंडल लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मौका मुआयना कर मामले की जाच की। छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडा खेड़ी निवासी सुरेश सिंह पाल की पत्नी जसवंती देवी अपनी पशुशाला में शनिवार की रात सो रही थी। सुरेश तथा उनका पुत्र अनुज पाल गैलरी में सो रहे थे। रात में गन्ने के खेत की तरफ से अज्ञात नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर सुरेश सिंह के घर में घुस गए और उसने पशुशाला में सो रही जसवंती देवी के दोनों कानों के कुंडल लूट लिए। इस दौरान महिला के दोनों कान भी फट गए। महिला के चीखने रोने की आवाज सुनकर उनका पुत्र अनुज पाल व सुरेश आदि दौड़े। जब तक शोर मचाया तब तक बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। लूट की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इसके बाद ग्रामीणों के साथ जंगल में बदमाशों की तलाश में काबिंग की परंतु कहीं भी बदमाशों का पता नहीं चला है। थानाध्यक्ष छजलैट सुनील कुमार ने बताया कि मामला लूट का नहीं है चोरी का है। मामले की जाच की जा रही है।