कोरोना वायरस का सम्भल के हैंडीक्राफ्ट कारोबार पर असर Sambhal News
विश्व के कई देशों को हड्डी सींग से बने बटन का सम्भल से निर्यात होता हैं। इसमें 70 प्रतिशत बटन का निर्यात सिर्फ चीन के लिए किया जाता है।
सम्भल: शहर में हैंडीक्राफ्ट का काम दुनिया भर में मशहूर हैं। विश्व के कई देशों को हड्डी सींग से बने बटन का यहां से निर्यात होता हैं। इसमें 70 प्रतिशत बटन का निर्यात सिर्फ चीन को होता है। इस समय चीन में कोरोना वायरस के हमले से पैदा हुए हालात पर भारत की बटन इंडस्ट्री पर असर हुआ है। ऐसे में निर्यातक पल पल नजर बनाए हुए है।
नगर में तैयार होने वाला हड्डी सींग बटन चीन में रेडीमेड कपड़े तैयार करने वाली मशहूर कंपनियों के कपड़ों में लगाया जाता है। चीन में जब से कोरोना वायरस का हमला हुआ है तो उसका प्रभाव जर्मनी, इटली और कोरिया पर भी हुआ। इस वायरस की वजह से बटन इंडस्ट्री में एक ऊहापोह की स्थिति है। निर्यातक सहित मजदूर भी चीन की स्थित पर निगाहें लगाए बैठे हैं। वह लोग चीन के अलावा अन्य देशों की पल-पल जानकारी ले रहे हैं। इस वायरस का कुछ विदेशी कारोबारी लाभ उठाने की तैयारी में हैं। वे भविष्य के सौदे मंदी में करना चाहते हैं जबकि भारतीय निर्यातक अपने भाव के हिसाब से सौदे कर रहे है।
शहर से बटन निर्यात करने वाले कारोबारियों ने बताया कि जितना माल पूरी दुनिया में जाता है उसका 60 प्रतिशत अकेले चीन को जाता है। इसलिए चीन के हालात पर हमारी नजर बनी हुई है। चीन की स्थिति में सुधर हो तो कारोबार में तेजी आए। फिलहाल तो पुराने आर्डर की भी डिलीवरी नहीं हो रही है। माल तैयार रखा है। पहले तो चीन में नए वर्ष का तीन सप्ताह का अवकाश था। वायरस के हमले ने कारोबार पर रोक लगा दी है। क्योंकि चीन में आने जाने वाले लोगो पर पाबंदी लगा दी गई है और हवाई सीमाएं बंद हैं। इन हालातों के सामान्य होने पर ही कारोबार को रफ्तार मिल सकेगी।
मीट कारोबार भी हो रहा प्रभावित
सम्भल: शहर के मशहूर निर्यातक मोहम्मद मोहतासिम का कहना है कि चीन में कोरोना वायरस के हमले का असर बटन पर ही नहीं मीट कारोबार पर भी हैं। बटन के आर्डर देने से चीन के कारोबारी कतरा रहे हैं। वायरस से चीन कि स्थिति सुधरे तो चीन के कारोबारी अपने आर्डर के माल की डिलीवरी मांगे, लेकिन एक दो चीनी व्यापारी, देश के निर्यातकों को वायरस के हमले को मुद्दा बताकर बटन के रेट कम कराना चाह रहे हैं।
चीन को 50 करोड़ का बटन होता निर्यात
सम्भल: सरायतरीन के निर्यातक अब्दुल बाकी ने बताया कि चीन में वायरस के हमले के बाद व्यापार पर असर हुआ हैं। इसलिए बटन का कारोबार प्रभावित हो रहा है। एक साल में सींग के बटन का लगभग 60 से 70 करोड़ रुपये का निर्यात विश्व में होता है। इसमें 60 प्रतिशत माल चीन ही खरीदता है। यहां पर बटन के फिनीङ्क्षसग का काम होता हैं। यही पर बटन पर विभिन्न आकृतियां बनाई जाती हैं। विदेशों की मशहूर रेडीमेड कपड़े की कम्पनियां इसका प्रयोग करती हैं। चीन ही नही अन्य देशों को अधिकतर माल शहर से ही निर्यात किया जाता है।