कोरोना की अफवाह के बाद कंटेनर डिपो बंद
भारतीय कंटेनर डिपो (आइसीडी) के तीन कर्मचारियों को बुखार आने से स्टाफ ।
मुरादाबाद,जेएनएन। भारतीय कंटेनर डिपो (आइसीडी) के तीन कर्मचारियों को बुखार आने से स्टाफ में कोरोना की दहशत फैल गई है। हालांकि, अभी किसी कर्मचारी की नमूना नहीं लिया गया है। तीन दिन में कर्मचारियों की हालत में सुधार नहीं होता है तो कर्मचारियों का नमूना लेकर कोरोना की जांच कराई जाएगी। आइसीडी के महाप्रबंधक जीके झिनगर ने बताया कि जिन कर्मचारियों को बुखार आया है, उनका जिला अस्पताल के डॉक्टरों से चेकअप कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें तीन दिन घर पर आराम करने की सलाह दी है। एहतियातन गुरुवार को कंटेनर डिपो को बंद रखकर सैनिटाइज कराया जाएगा। हालांकि बुधवार को ही आधे से अधिक डिपो में सैनिटाइजेशन कर लिया गया। फिलहाल कोई चिंता की बात नहीं है। किसी अन्य कर्मचारी को भी कोई दिक्कत नहीं है।
हिमगिरि, आदर्श कॉलोनी व नया गांव में सर्वे पूरा
हरथला में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से हिमगिरी, आदर्श कॉलोनी व नया गांव में लगभग एक किलोमीटर के दायरे में चल रहा सर्वे बुधवार को पूरा हो गया। इन क्षेत्रों के लोगों की थर्मल स्क्रीनिग की गई व उनके बारे में जानकारी भी नोट की गई। इस दौरान मधुबनी कॉलोनी के आसपास लोगों ने सर्वे का विरोध भी किया। जिसके बाद अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। इसके बाद लोग माने। अपर शोध अधिकारी मुहम्मद अहमद ने बताया इसके बाद लोगों को समझाकर सर्वे पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि एक किलोमीटर के क्षेत्र में सर्वे को पूरा कर लिया गया है।