UP Politics : स्थानीय निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस, पार्टी ने दावेदारों से मांगे आवेदन
Local Body Election 2022 उत्तर प्रदेश में नगर पालिका चुनाव की अभी भले ही घोषणा नहीं की गई हो लेकिन कांग्रेसियों ने इन चुनाव को लेकर अभी से कमर कस ली है। 10 जुलाई तक दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं।
जागरण संवाददाता, रामपुर। Local Body Election 2022 : उत्तर प्रदेश में नगर पालिका चुनाव की अभी भले ही घोषणा नहीं की गई हो लेकिन कांग्रेसियों ने इन चुनाव को लेकर अभी से कमर कस ली है। 10 जुलाई तक दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं। साथ ही यह भी घोषणा की गई है कि सभी पालिकाओं में पार्टी सिंबल पर ही चुनाव लड़ेगी।
हिमायत उल्लाह मार्किट स्थित पार्टी के ज़िला कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं ने आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर मंथन किया और रणनीति तैयार की। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता और शहर अध्यक्ष नोमान खां ने चुनाव को लेकर सभी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। कहा कि नगरपालिका चुनाव कांग्रेस पार्टी सिंबल पर लड़ेगी।
यह चुनाव बहुत अहम होता है। पार्टी अभी से इसकी तैयारी में जुट चुकी है जो भी कांग्रेस नेता नगरपालिका का चुनाव लड़ना चाहते हैं, वें 10 जुलाई तक अपना आवेदन ज़िला कांग्रेस कार्यालय पर जमा कर दें। पार्टी ने आवेदन में पहली बार समर्थक और कार्यकर्ताओं की सूची भी मांगी है। इसके साथ ही सामाजिक और राजनीतिक लोगों का भी ब्योरा मांगा है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि अभी से लोगों के बीच जाएं और उनसे बात कर कहें कि उनके द्वारा भाजपा, सपा और बसपा को बहुत देख लिया। अब कांग्रेस को मौका देकर सांप्रदायिक ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। पूर्व विधायक अफरोज अली आं ने कहा कि मुसलमानों के साथ धोखा करने वाले मुसलमानों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं जबकि उन्होंने सिर्फ मुसलमान वोटों पर राजनीति की है। मुसलमानों की आवाज कभी नही उठाई। लोगों की उम्मीदों पर सिर्फ कांग्रेस ही खरा उतर सकती है।
इस मौके पर जगमोहन मोना,अज़हर खां,महफूज़ मंसूरी,चितरंजन श्रीवास्तव,महेन्द्र यदुवंशी,हाजी नादिश खां, अकरम सुलतान, मास्टर फिरोज़ खां, हाजी अनवार, शैजी खां, दामोदर सिंह गंगवार, हसीब खां, दिव्यांश सिंघल, रहमान अली, इरफान मंसूरी, केके खत्री, शुभम रस्तोगी, सुहैल खां, लल्लन खां, ताबिश खां आदि मौजूद रहे।