रामपुर में प्रियंका वाड्रा के दौरे से गरमाई कांग्रेस की किसान सियासत, हमदर्द बन रहे नेता
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी के सह प्रभारी सचिन नायक और प्रदेश महासचिव ब्रह्मस्वरूप भी गुरुवार को रामपुर आए और धमौरा गांव में मीटिंग की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अरशद अली गुड्डू भी किसानों के समर्थन में लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दौरे के बाद से रामपुर में किसानों के नाम पर सियासत और गर्मा गई है। कांग्रेस के तमाम नेता अब किसानों के हमदर्द बनते जा रहे हैं। रामपुर के बाहर से भी नेता यहां आकर गांवों में मीटिंग कर रहे हैं। रामपुर के किसान दिल्ली के आंदोलन में भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। दो किसानों की तो मौत हो चुकी है।
बिलासपुर क्षेत्र सिख बहुल है और यहां के किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। पिछले दिनों रामपुर में दिल्ली जाने से रोकने पर किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया था तब मुरादाबाद के एसएसपी पर हमला भी बोल दिया था। उनकी गाड़ी तोड़ दी थी। एसएसपी भी घायल हो गए थे। बिलासपुर के ही दो किसानों की आंदोलन के दौरान दिल्ली में मौत हो चुकी है। पहले कश्मीर सिंह ने दिल्ली में ही आत्महत्या कर ली थी। बाद में गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्रैक्टर परेड के दौरान नवरीत सिंह की मौत हो गई थी। चार फरवरी को डिबडिबा में नवरीत की अंतिम अरदास थी। प्रियंका गांधी भी इसमें शामिल हुईंं थीं। उन्होने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था।
कांग्रेसियों का उत्साह बढ़ा
प्रियंका के दौरे से कांग्रेसियों का उत्साह बढ़ गया है। वह बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में आईंं थीं और यह क्षेत्र पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर के क्षेत्र में आता है। संजय यहां से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह पहले से ही किसान आंदोलन में सक्रिय रहे हैं। लेकिन, प्रियंका के आने के बाद से उनकी गतिविधियां और बढ़ गई हैं। किसानों के साथ बैठकें कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक अली यूसुफ अली भी लगातार मीटिंग कर रहे हैं। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू और जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता भी किसानों के बीच पहुंचकर मीटिंग कर रहे हैं।