तीन साल का कार्यकाल पूरा, मुरादाबाद नगर निगम ने हासिल कींं कई उपलब्धियां
Tenure of Moradabad Municipal Corporation तीन सालों में मुरादाबाद को निसंदेह बहुत कुछ मिला है। इतने समय में 1600 करोड़ रुपये में स्मार्ट सिटी की 43 परियोजनाएं मिलीं। नगर निगम की ओर से इन कार्यों का प्रकाशन कराया जा रहा है।
मुरादाबाद, जेनएन। Tenure of Moradabad Municipal Corporation। नगर की सरकार के तीन साल पूरे हो गए हैं। इन तीन सालों में मुरादाबाद को कई बड़ी उपलब्धियां हासिल हुईं हैं। इसको लेकर नगर की सरकार ने भुनाने के लिए तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम 19 जनवरी को तय कर दिया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के आने की संभावना है। नगर की सरकार अपने कामों की पुस्तक का प्रकाशन कर रही है।
तीन सालों में मुरादाबाद को नि:संदेह बहुत कुछ मिला है। इतने समय में 1600 करोड़ रुपये में स्मार्ट सिटी की 43 परियोजनाएं मिलीं। परियोजनाओं में दो परियोजनाएं धरातल पर उतर आई हैं जबकि 12 प्रोजेक्ट के टेंडर निकाले जा चुके हैं। इनके अलावा नगर की सरकार की उपलब्धियों में बहुत कुछ है। सबसे बड़ी बाधा लोकोशेड पुल है। इसमें नगर निगम की ओर से 16 करोड़ रुपये का अंशदान दिया था। इस पुल के फोर लेने होने से अब जाम लगना बंद हो गया है। यही नहीं गोविंद नगर वासियों को फुट ओवरब्रिज की सौगात भी नगर निगम की ओर से दी गई है। गोविंदनगरवासी बीते 30 सालों से फुट ओवरब्रिज के लिए संघर्ष कर रहे थे। दो करोड़ रुपये से अटल पथ का निर्माण कराया जा रहा है। इसका लगभग 80 फीसद काम पूरा हो चुका है। इनके अलावा आधुनिक लाइट, एमआरएफ सेंटर, बेहतरीन पार्क समेत कई उपलब्धियों को तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम में नगर की सरकार गिनाएगी। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि वह दिल्ली में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले थे। उन्होंने 19 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया है।