छठी मइया के बुलावे पर उमड़े प्रवासी, बिहार-पूर्वांचल की ट्रेनों में भारी भीड़; गेट पर लटककर कर रहे सफर
छठ महापर्व के कारण दिल्ली और पंजाब से बिहार व पूर्वोत्तर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
छठ महापर्व पर ट्रेनों में उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़।
मुरादाबाद स्टेशन पर सामान्य कोचों में पैर रखने की जगह नहीं।
रेलवे की स्पेशल ट्रेनें भी भीड़ कम करने में विफल।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। छठ महापर्व पर घर लौटने की जल्दी में यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। दिल्ली और पंजाब से बिहार और पूर्वोत्तर के शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
गुरुवार को भी मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में छठ यात्रियों की भीड़ का दबाव दिखाई दिया। सामान्य कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। यात्री गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर नजर आए। कई कोचों में यात्री खचाखच भरे होने के कारण अंदर प्रवेश करना भी मुश्किल हो रहा है।
रेलवे की ओर से लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब तक मुरादाबाद रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर करीब 98 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं। इनमें 18 स्पेशल ट्रेनें मुरादाबाद जंक्शन से होकर गुजर रही हैं।
इसके बावजूद नियमित और स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बना हुआ है। छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। ऐसे में दिल्ली और पंजाब में काम करने वाले पूर्वांचल और बिहार के प्रवासी परिवारों के साथ घर लौट रहे हैं।
मुरादाबाद से भी बड़ी संख्या में यात्री बिहार और पूर्वोत्तर के शहरों के लिए रवाना हो रहे हैं। श्रमजीवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस और सियालदह एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है। सामान्य कोचों में क्षमता से अधिक यात्री सवार होने के कारण सफर जोखिम भरा हो रहा है। छठ पर्व नजदीक आने के साथ ही ट्रेनों में भीड़ और बढ़ने की आशंका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।