By-election in Amroha : सीएम योगी उपचुनाव के लिए पदाधिकारियों को देंगे जीत का मंत्र
रविवार शाम चार बजे आनलाइन करेंगे मीटिंग। नौगावां सादात विस क्षेत्र के पदाधिकारियों से होंगे रूबरू। बीती 24 सितंबर को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अमरोहा में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने जिले के लिए कई घोषणाएं भी की थीं।
अमरोहा, जेएनएन। By-election in Amroha । बसपा को छोड़ कर हालांकि अभी किसी अन्य राजनीतिक दल ने उपचुनाव को लेकर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। परंतु जीत के लिए बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अमरोहा दौरे के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदाधिकारियों से आनलाइन बैठक कर जीत का मंत्र देंगे।
रविवार शाम चार बजे वह जूम एप के माध्यम से पदाधिकारियों से वार्ता कर तैयारियों का जायजा लेंगे तथा दिशा-निर्देश भी देंगे। कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन के बाद रिक्त हुई नौगावां सादात विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम भी घोषित हो चुका है। नौ अक्तूबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी तथा तीन नवंबर को मतदान होगा। लिहाजा सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। केवल बसपा को छोड़ कर अन्य किसी दल ने अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। जबकि मतदाताओं में सेंध लगाने का काम चल रहा है। चुनावी तैयारियों में अभी तक भाजपा सबसे आगे है। क्योंकि बीती 24 सितंबर को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अमरोहा में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने जिले के लिए कई घोषणाएं भी की थीं। उसके बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए आतुर हैं। इस बारे में जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री रविवार शाम चार बजे से जूम एप के माध्यम से नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बूथ व सैक्टर अध्यक्ष तथा प्रभारियों के साथ ही मंडल संयोजकों से जुड़ेंगे। इस दौरान चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा किया जाना संभावित है। बताया कि अभी तक मिले निर्देश के मुताबिक चार बजे मुख्यमंत्री नौगावां सादात विस क्षेत्र के पदाधिकारियों से वार्ता करेंगे। मिलने वाले दिशा-निर्देश के मुताबिक अगली रणनीति पर काम किया जाएगा। भाजपा की तैयारियां पूरी हैं।