By-election in Amroha : जांच में खराब निकलीं 108 ईवीएम और 93 वीवीपैट मशीनें
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने हुआ ईवीएम व वीवीपैट का मॉकड्रिल। एडीएम ने किया ईवीएम व वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण कर्मियों को दिए निर्देश। कर्मचारियों व इंजीनियरों से बातचीत कर समस्या आदि के बारे में पूछताछ की और अभिलेखों का अवलोकन किया।
अमरोहा। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की तैयारियों को प्रशासन तेजी के साथ अंजाम तक पहुंचाने में जुटा है। कलक्ट्रेट परिसर में चल रही जांच में 108 ईवीएम व 93 वीवीपैट मशीनें खराब निकली हैं। सोमवार की सुबह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने उनका मॉकड्रिल किया गया। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने भी गोदाम का निरीक्षण कर ईवीएम व वीवीपैट मशीन की स्थिति देखी और अभिलेख आदि का निरीक्षण कर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भले ही अभी उपचुनाव की कोई घोषणा न हुई हो लेकिन, प्रशासन अपनी पूरी तैयारी कर रहा है। कलेक्ट्रेट स्थित गोदाम में इंजीनियरों द्वारा ईवीएम व वीवीपैट की जांच की गई। इसमें 1117 ईवीएम में से 108 जांच में खराब पाई गईं। 1009 सही मिली हैं। 1117 बैलेट यूनिट में से 18 खराब मिली हैं। 1099 सही अवस्था में हैं। इसके अलावा 1152 वीवीपैट मशीनों से 93 जांच में बेकार पाई गई हैं जबकि, 1059 ही सही हैं। सभी की जांच प्रक्रिया पूरी होने बाद सुबह गोदाम परिसर में अधिकारियों व राजनीतिक दलों की प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम व वीवीपैट मशीनों का मॉकड्रिल हुआ। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे अपर जिलाधिकारी ने गोदाम में पहुंचकर ईवीएम व वीवीपैट मशीनों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों व इंजीनियरों से बातचीत कर समस्या आदि के बारे में पूछताछ की। अभिलेखों का अवलोकन कर कर्मियों को अभिलेखों में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।