मोबाइल टावर से कूदकर मजदूर ने दी जान,युवा बनाते रहे वीडियो Amroha News
मामले की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस ससुराल में रहता था मृतक। मौत के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। ससुराल में रहता था मजदूर।
अमरोहा,जेएनएन। शबनम सलीम के नाम से देशभर में चॢचत हसनपुर कोतवाली क्षेत्र का बावनखेड़ी गांव एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ससुराल में रह रहा मजदूर शनिवार को दिन निकलते ही गांव में स्थित एक मोबाइल कंपनी के टावर की चोटी पर चढ गया। लोग उसकी वीडियो बनाने में लगे रहे और उसने टावर की चोटी से कूदकर उसने जान दे दी। मूलरूप से काशीराम कॉलोनी गजरौला निवासी 24 साल का सलमान पिछले काफी दिनों से अपने ससुर शौकीन अहमद के यहां बावनखेड़ी में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। शनिवार को सुबह 7:30 बजे अचानक वह टावर पर चढ़ते हुए लोगों को दिखाई दिया। कुछ लोग उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे तो युवा उसकी वीडियो बनाने में जुट गए। देखते ही देखते टावर की चोटी पर पहुंच कर सलमान ने नीचे छलांग लगा दी। सैकड़ों फिट की ऊंचाई से नीचे गिरने पर मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उधर सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुटे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सलमान के खुदकशी करने के मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।