बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, ब्रजघाट और तिगरी में पहुंचे श्रद्धालु
Buddha Purnima 2022 राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं जलशक्ति मंत्रालय के आह्वान पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने तिगरी व ब्रजघाट में गंगा किनारे पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान यहां पर आए लोगों को भी उन्होंने जागरूक किया।
अमरोहा, जेएनएन। Buddha Purnima 2022 : सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर बृजघाट व तिगरी में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के दौरान दिल्ली मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग भी भीषण जाम की चपेट में आ गया। गढ़ व अमरोहा दिशा में पांच-पांच किलोमीटर दूर तक वाहनों की कतार पहुंचने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस भी पसीना बहाते हुए नजर आई।
सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा पर स्नान करने के लिए रविवार की रात पर ही श्रद्धालु ब्रजघाट पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह को ब्रह्म मुहूर्त के समय से स्नान शुरू हो गया। एकाएक करते हुए गंगा घाट पर हर ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आने लगे। इस क्रम में बृजघाट व तिगरी गंगा में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
सूर्य को अर्ध्य किया और गंगा में स्नानार्थियों ने जमकर अटखेलियां की और एक दूसरे पर पानी उड़ेला गर्मी के मौसम के कारण गंगा स्नान करने वाले देर तक डुबकी लगाते रहे। उधर, स्नान के दौरान हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा और श्रद्धालु पैदल चलकर गंगा घाटों तक पहुंचे। बृजघाट में जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी भी पसीना बहाते हुए नजर आए। अभी भी भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि वह स्वयं फोर्स के साथ जाम खुलवाने में लगे हुए हैं। अभी जाम लग रहा है।
तिगरी में नमामि गंगे गंगा विचार मंच ने चलाया स्वच्छता अभियान : राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं जलशक्ति मंत्रालय के आह्वान पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने तिगरी व ब्रजघाट में गंगा किनारे पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान यहां पर आए लोगों को भी उन्होंने जागरूक किया। रविवार को आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक चंद्रप्रकाश चौहान ने कहा कि कहा कि गंगा मां की स्वच्छता हम सबकी ज़िम्मेदारी है।
मां गंगा अस्तित्व में रहेंगी, साफ स्वच्छ निर्मल और अविरल प्रवाह बना रहेगा। तभी आजीविका का साधन उपलब्ध होता रहेगा। इसके बाद मां गंगा के द्वार में ब्रजघाट पश्चिमी तट पर पर चारों ओर फैली गंदगी के अवशेष एकत्र कर जिसमें प्लास्टिक पालिथिन, दोना, पत्तल, पुराने वस्त्र, पूजा का सामान, खंडित देवी देवताओं की मूर्तियां आदि को एकत्र कर उनका सुरक्षित निस्तारण किया।
इस मौके पर जिला संयोजक संजय सिंह गौर ने अपने सहयोगियों के साथ गंगा घाट पर बैठे पुरोहित-पंडित केवट समाज व फूल प्रसाद बेचने वाले दुकानदाराें को गंगा स्वच्छता आभियान में सहयोग करने की अपील की। यहां पर मनजीत सिंह, सुमित नोटियाल, जोगेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, सुरेश राणा, ओमसरन, पुष्पेंद्र, वेदराम, रामकेश, रोहन सिंह राणा, अरुण कुमार,रवि औलख आदि मौजूद रहे।