दो राज्यों की सीमा पर वर और वधू ने लिए सात फेरे, दो राज्यों की पुलिस बनी बराती Moradabad News
लॉकडाउन के बीच यूपी और उत्तराखंड बॉर्डर रविवार को अनोखी शादी का गवाह बना। दो राज्यों की पुलिस ने शादी कराकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
मुरादाबाद, जेएनएन। लॉकडाउन की वजह से सब कुछ बंद है। ऐसे में शादियों की भी अनुमति नहीं मिल रही है। इस बीच रविवार को उत्तराखंड और यूपी बार्डर एक अनोखी शादी का गवाह बना। दरअसल उत्तराखंड में प्रवेश की अनुमति न मिलने से सीमा पर ही लड़की और उसके परिवार को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में वर और वधू ने सात फेरे लिए।
यह है पूरा मामला
मुरादाबाद जिले के मूढापांडे के ग्राम तहा नायक निवासी विक्रम सिंह की शादी लॉकडाउन से पहले ही उत्तराखंड के ग्राम बरखेड़ा पांडे निवासी नेहा पुत्री स्व. जगत सिंह के साथ तय हुई थी। शादी की तारीख पडऩे के साथ ही दोनों परिवारों ने तैयारियां भी शुरू कर दीं थीं। देश में कोरोना वायरस के दस्तक देने से पहले ही लड़का और लड़की पक्ष ने सामानों की खरीदारी भी कर ली थी। इसके बाद देश कोरोना आपदा से जूझने लगा। इस बीच लॉकडाउन भी हो गया।
लॉकडाउन में विवाह का लिया फैसला
बाद में दोनों परिवारों ने शादी को कैंसिल न कर लॉकडाउन का पालन करते हुए विवाह का फैसला लिया। शादी की अनुमति के लिए भी प्रयास किया लेकिन बात नहीं बन पाई। इसके बाद रविवार को दूल्हा अपने पिता और ड्राइवर के साथ कार से निकला। परमिशन न होने के कारण यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर उत्तराखंड पुलिस ने रोक दिया। विक्रम ने काफी देर तक पुलिस से मिन्नतें की लेकिन बात नहीं बनी।
लड़की वालों तक पहुंची खबर
पुलिस ने लड़की वालों को इसकी खबर दी। बाद में कोई रास्ता न निकलता देख तय हुआ कि लड़की और उसके परिवार को बार्डर पर ही बुलाकर शादी करा दी जाए। इसके बाद लड़की अपने मां और भाई साथ बॉर्डर पर पहुंच गई। लड़की वालों ने पंडित भी बुला लिया। इसके बाद यूपी और उत्तराखंड पुलिस की मौजूदगी में सीमा पर खाली पड़ी एक दुकान में दोनों ने सात फेरे लिए। इस दौरान शारीरिक दूरी का ख्याल रखा गया। इसके बाद दोनों राज्य की पुलिस ने वर और वधू और आशीर्वाद देकर विदा किया।