बहादुर बेटियों ने बदमाशों को सिखाया सबक
मूढ़ापांड़े में महिला से छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़कर ले जाती पुलिस।
By Narendra KumarEdited By: Published: Sun, 19 May 2019 11:25 AM (IST)Updated: Sun, 19 May 2019 11:25 AM (IST)
मुरादाबाद : महिलाओं को कमजोर व लाचार समझने वाले गफलत में हैं। महानगर में शनिवार को दो बहादुर बेटियों ने साहस व बहादुरी की मिसाल पेश करते हुए बदमाशों का सबक सिखाया। मझोला थाना क्षेत्र में कांशीराम नगर की रहने वाली छात्रा दिल्ली रोड पर आटो में सवार होकर घर जा रही थी। आटो कुछ दूर आगे बढ़ा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा का पर्स लूट लिया। छात्रा कुछ समझ पाती इसके पहले ही बाइक सवार आरोपित आंख से ओझल हो गए। मन मसोस कर छात्रा आटो से घर की ओर बढ़ी। वह गौतमबुद्ध पार्क के पास पहुंची थी। तभी छात्रा की नजर उन दोनों उचक्कों पर पड़ गई, जिन्होंने उसका पर्स लूटा था। छात्रा ने यह जानकारी आटो चालक को दी। दोनों उचक्कों को दबोचने के लिए आगे बढ़े। तभी एक आरोपित की नजर छात्रा पर पड़ गई और वह भाग निकला जबकि दूसरे आरोपित मनीष निवासी त्रिलोक कालोनी लाइनपार मौके पर पकड़ लिया और खूब थप्पड़ बरसाए। साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में दूसरे आरोपित की पहचान चंचल के रूप में हुई। उधर, मूंढापांडे थाना प्रभारी अजय गौतम के मुताबिक महानगर की रहने वाली महिला आटो में बैठकर जा रही थी। आटो दलपतपुर के समीप पहुंचा, तभी अचानक महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आटो रुकते ही हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। पूछताछ में महिला ने आटो चालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। भीड़ ने आटो चालक को दबोच लिया। आरोपित की जमकर पिटाई हुई। कुछ ही देर में दलपतपुर चौकी पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित फुरकान पुत्र अहमद जान निवासी करूला थाना कटघर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें