भाजपा कार्यकर्ता कर रहा था पुलिस के नाम पर अवैध वसूली, गिरफ्तार Moradabad news
धन उगाही के लिए लोग तरह-तरह की तरकीबों का इस्तेमाल करते हैं।
मुरादाबाद : धन उगाही के लिए लोग तरह-तरह की तरकीबों का इस्तेमाल करते हैं। आरटीओ बनकर चेकिंग करना तो कभी फर्जी दारोगा बनकर। ऐसे तमाम मामले सामने आ चुके हैं लेकिन, मुरादाबाद में एक कथित भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्यकर्ता पुलिस के नाम पर धन उगाही कर रहा था। एक पूर्व प्रधान की शिकायत पर एसएसपी द्वारा उसे पकड़ा गया और धन उगाही की रकम भी बरामद की गई।
यह है पूरा मामला
रामपुर जिले के ग्राम सैदपुर के पूर्व प्रधान सुमित चौधरी के मुताबिक उनके गांव की रहने वाली एक युवती की शादी मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र स्थित भेंडी फरीदपुर गांव मेंं वर्ष 2014 में हुई थी। कुछ दिन पहले महिला के पिता ने बताया कि गांव का ही रमेश कुमार उनकी बेटी को लेकर भाग गया। परिजनों ने छजलैट थाने में तहरीर दी। पिता ने बेटी की बरामदगी में पूर्व प्रधान से मदद की अपील की। तब सुमित चौधरी की बात मोहित राणा निवासी ग्राम बहोरनपुर कलां थाना भगतपुर से हुई। पूर्व प्रधान के मुताबिक मोहित ने महिला की बरामदगी का आश्वासन देते हुए कहा कि थानेदार को बतौर पेशगी 20 हजार रुपये देने होंगे। तय रकम में से दस हजार रुपये पूर्व प्रधान ने दे दिए। शेष रकम लेकर सुमित चौहान बुधवार को छजलैट थाने पर पहुंचे। तब उनके साथ मोहित भी मौजूद था। वहां बातचीत में थाना प्रभारी को पता चला कि मोहित ने पूर्व प्रधान से पुलिस के नाम पर रुपये वसूले हैं। थानेदार ने तत्काल एसएसपी अमित पाठक को जानकारी दी। एसएसपी ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की जेब से 11,500 रुपये भी बरामद हुए। थाना प्रभारी प्रिंस शर्मा ने बताया कि खुद को एक पार्टी नेता बताने वाला अभियुक्त गिरफ्तार कर लिया गया है।
थानेदार से कराई थी मोबाइल पर बात
थाने पर पहुंचने से पहले धन उगाही के आरोपित ने भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी से छजलैट थानेदार की बात भी कराई थी। हालांकि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी ने प्रकरण में कोई बात होने से इन्कार कर दिया। इतना जरूर स्वीकार किया कि गिरफ्तार युवक भाजपा युवा मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल होता रहा है।
गिरफ्तार युवक नहीं भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा जिलाध्यक्ष मुरादाबाद हरिओम शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार युवक भाजपा का कार्यकर्ता नहीं है। वह भाजपा के कार्यक्रमों में शामिल होता रहा है। इसलिए उसे भाजपा कार्यकर्ता के रूप में लोग पहचानते हैं। वह पार्टी के किसी भी पद पर नहीं है।