विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा विधायक पर सनसनीखेज आरोप: 2 नौकरों समेत 3 को बंधक बनाकर दी तालिबानी सजा; उल्टा लटकाकर पीटा, लगाया करंट

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:10 PM (GMT+05:30)

बिजनौर के बढ़ापुर से भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर दो नौकरों और उनके दोस्त को सोने का कड़ा चोरी के ...और पढ़ें

पिटाई में घायल रामू।

पिटाई में घायल रामू।

HighLights

  1. नौकर अतुल व लविश के दोस्त रामू कश्यप की हालत गंभीर, काशीपुर के कृष्णा अस्पताल में भर्ती

  2. पीड़ित परिवार ने विधायक समेत छह नामजद व नौ अज्ञात के विरुद्ध थाने में दिया शिकायती पत्र

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिजनौर की बढ़ापुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के बेटे सुशांत सिंह दो नौकर व नौकरों के दोस्त के साथ दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। दो नौकरों अतुल व लविश पर बेटे के हाथ के सोने के कड़े चोरी करने के आरोप में बंधक बनाकर पीटा।

आरोप है कि दोनों ने दोस्त रामू कश्यप का नाम स्वीकारा। जिसके बाद उसे भी विधायक के लोग घर से अगवा कर ले आए। इसके बाद तीनों को दो दिनों तक बंधक बनाकर पीटा गया। उल्टा लटकाकर पट्टे चलाए गए। करंट लगया गया। फिर जख्मों पर नमक छिड़का गया।

तीनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें काशीपुर के कृष्णा अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। रामू की हालत गंभीर बनी हुई है। रामू की मां ओमवती ने मामले में विधायक सुशांत सिंह, उनके सहायक अर्जुन कुमार, बबलू, उदयपाल, देवेंद्र, ड्राइवर अजय के विरुद्ध ठाकुरद्वारा थाने में शिकायती पत्र दिया है।

तीनों पीड़ित डिलारी के शांतिकुंज मुहल्ले के निवासी हैं। पीड़ित रामू कश्यप की मां ओमवती ने पुलिस को दिये गए शिकायती पत्र में बताया कि सात अक्टूबर को बेटे रामू को विधायक सुशांत के सहायक अर्जुन कुमार घर से बुलाकर ले गए।

वहां पहले से ही लविश कश्यप, अतुल कश्यप को विधायक के सहायक व अन्य उल्टा लटकाकर पीट रहे थे। बेटे को भी रस्सी से उल्टा लटकाकर सभी ने पिटाई शुरू कर दी। अत्यधिक पिटाई से जब जख्म हो गए। तब उस पर नमक लगाया और करंट लगाया।

गुरुवार को सूचना मिली तब बेटे से मिलने विधायक के घर पहुंचे। वहां जान से मारने की धमकी दी गई। कहा कि यदि किसी से शिकायत की तो फिर तुम्हें व तुम्हारे बच्चे को जान से मार देंगे। अभी तक हमारे बच्चे उनके बंधन में हैं। उनकी जान का भी खतरा है।

पीड़ित मां ने बच्चों को विधायक के चंगुल से बंधनमुक्त कराने व कार्रवाई की मांग की। मामले के तूल पकड़ने पर शुक्रवार को सुबह भारी संख्या में लोग डिलारी थाने पहुंच गए। वहां पर जमकर हंगामा किया।

स्थिति बिगड़ी देखकर डिलारी पुलिस ने घटनास्थल ठाकुरद्वारा होने की बात कह जैसे-तैसे समझाया। तब सभी ठाकुरद्वारा सीओ कार्यालय पहुंचे और घटनाक्रम बताते हुए शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

 

मामला संज्ञान में आया है। पुलिस को शिकायती पत्र मिला है। पूरे मामले की थाना पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

- कुंवर आकाश सिंह, एसपी देहात

 

बेटे ने हाथ में सोने का कड़ा पहना था। गायब होने पर दोनों नौकरों से जानकारी की गई। बंधक बनाकर पीटने व करंट लगाने के आरोप निराधार हैं। तीनाें ने आपस में ही झगड़ा किया है।

- सुशांत सिंह, भाजपा विधायक, बढ़ापुर


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा खेल: परिवहन अफसर का ड्राइवर ही निकला खनन माफियाओं का 'जासूस', लोकेशन बेचकर हर महीने कमा रहा लाखों