भाजपा आरएसएस की दुकान, उप्र की चाबी योगी के पास : रावत
सम्भल : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और काग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा को आरएसएस की दुकान बताया।
सम्भल : कल्कि महोत्सव में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और काग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा को आरएसएस की दुकान बताया। कहा कि उत्तर प्रदेश की दुकान योगी को सौंप दी है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने की बात कही। प्रेसवार्ता में निकाली भड़ास शनिवार शाम एचोड़ा कंबोह स्थित कल्कि धाम पहुंचे हरीश रावत ने प्रेस वार्ता में कहा कि राम देश के नायक हैं। हर कोई चाहता है कि मंदिर बने बल्कि मंदिर तो अयोध्या के हर घर में बनना चाहिए, लेकिन जो विवाद चल रहा है उसे खत्म करने के बाद ही मंदिर बने। इसी में देश की भलाई है। या तो हमें कोर्ट के निर्णय का इंतजार करना चाहिए या फिर आपस में समझौता करना चाहिए। मुझे खुशी हैं कि आचार्य प्रमोद कृष्णम् इसके लिए पहल करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी कह चुके हैं कि जो कोर्ट का निर्णय होगा वह हमें मंजूर है, लेकिन राम मंदिर पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। मंदिर पर इतनी राजनीति हो चुकी है कि अब तो भगवान राम भी अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। अब तो भाजपा केदारनाथ मंदिर पर भी राजनीति कर रही है। यह लोग सभी मंदिरों पर राजनीति करना चाहते हैं क्योंकि जब तक विवाद नहीं होगा तब तक भाजपा की दुकान नहीं चलेगी। जब तक संत भाजपा के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे तब तक हल नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन जरूरी है क्योंकि संविधान को बचाने की लड़ाई है। लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। हम सपा बसपा से गठबंधन चाहते हैं। इसमें सपा हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव 2019 नहीं जीता गया तो राजनीतिक दलों को अपना अस्तित्व बचाना मुश्किल हो जाएगा।