मतदान की परीक्षा में पास हुए भाजपा जिलाध्यक्ष, पार्टी प्रत्याशी को मिले सबसे ज्यादा वोट
जिलाध्यक्ष के गांव से संगीता चौहान को मिले 337 वोट। चुनाव प्रचार के दौरान काफी चर्चा में रहा था भाजपा जिलाध्यक्ष का गांव। कयास लगाए जा रहे थे कि रामनगर में मतों का बंटवारा बड़े स्तर पर होगा।
अमरोहा, जेएनएन। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र का रामनगर गांव मतदान से पूर्व काफी चर्चा में रहा था। चाहे वह चोरी की वारदात होने के बाद चुनाव बहिष्कार का मामला हो या फिर सपा नेता धर्मेंद्र यादव का पहुंचना। चूंकि यह गांव भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी का पैतृक गांव है, लिहाजा यहां होने वाले मतदान पर सभी की नजरें टिकी थीं। तमाम कयास लगाए जा रहे थे, परंतु जिलाध्यक्ष अपने गांव में पार्टी प्रत्याशी को 337 वोट दिलाने में कामयाब रहे।
नौगावां सादात विस क्षेत्र के गांव रामनगर में चुनाव प्रचार के दौरान शिक्षक भाइयों के घर चोरी हुई थी। जबकि बीते साल भी गांव में 40 लाख रुपये की डकैती हुई थी। पुलिस दोनों घटनाओं का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने गांव में हंगामा किया था तथा चुनाव का बहिष्कार करने का एलान करते हुए धरना दिया था। बाद में उन्हें समझा दिया गया था। हालांकि चुनाव का बहिष्कार तो सुल्तानपुर व शब्दलपुर शुमाली में भी हुआ था। परंतु रामनगर गांव का चर्चा में आने का प्रमुख कारण भाजपा के जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी हैं। यह उनका पैतृक गांव है। इस दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव भी यहां चुनाव प्रचार को पहुंचे थे। कयास लगाए जा रहे थे कि रामनगर में मतों का बंटवारा बड़े स्तर पर होगा। चूंकि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कमलेश भी जाट हैं तथा यह गांव जाट बाहुल्य है। परंतु मतगणना में जिलाध्यक्ष के इस गांव में भाजपा प्रत्याशी को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। यहां पर कुल 412 वोट डाले गए। जिनमें से 337 संगीता चौहान, 37 सपा, 35 कांग्रेस तथा छह वोट बसपा प्रत्याशी को मिले हैं।