मुरादाबाद की महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त माहौल देने के लिए उठाया गया बड़ा कदम, जानिये क्या है ये
लखनऊ और कानपुर में पिंकी चौकियां भी बनाई गईं। इसी तर्ज पर अब मुरादाबाद में भी पिंक चौकी बनेंगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। घर से बाहर निकलकर काम-काज करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए इन पिंक चौकियों को खोलने की योजना तैयार की जा रही है।
मुरादाबाद, जेएनएन। महिलाओं के लिए सुरक्षित, संरक्षित और सशक्त माहौल देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी के तहत हाल ही में मिशन शक्ति शुरू किया गया। इसके तहत सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाई गईं, जिनमें महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाना शुरू हो गया है। लखनऊ और कानपुर में पिंकी चौकियां भी बनाई गईं। इसी तर्ज पर अब मुरादाबाद में भी पिंक चौकी बनेंगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। घर से बाहर निकलकर काम-काज करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए इन पिंक चौकियों को खोलने की योजना तैयार की जा रही है। इन चौकियों को उन स्थान में खोला जाएगा जहां महिलाओं के साथ छेड़छाड़, चेन और पर्स लूट की घटनाएं ज्यादा हुई होंगी। हालांकि अफसरों ने यह भी दावा किया है कि यह प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के तहत पूरा किया जाएगा।
कॉल आते ही रेस्पांस करेगी टीम
शहर में जिन स्थानों पर ज्यादा छेड़छाड़, चेन और पर्स लूट की घटनाएं महिलाओं के साथ हो रही हैं, उनकी एक सूची बनाई जाएगी। इन जगहों को चिह्नित करने के बाद यहां पर चौकियां स्थापित की जाएंगी। किसी भी महिला की कॉल आने पर यहां की टीम तुरंत रेस्पांस देगी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। इसके िलिए एक लोकल मोबाइल नंबर जारी करने की भी योजना है।
चौकियों में हर चीज होगी गुलाबी
पिंक चौकियों का पूरा बूथ और उसमें रखे सामान जैसे मेज, कुर्सी, वाहन, फोन आदि गुलाबी रंग की होगी। इन चौकियों में केवल महिला पुलिस की तैनाती होगी और महिलाओं की शिकायतें ही सुनी जाएंगी। सूबे में बीते एक साल में लखनऊ और कानपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इन चौकियों को बनाने का काम किया गया है।
निर्भया फंड से बनेंगी चौकी
राज्य सरकार ने निर्भया फंड से पिंक चौकी बनाने का प्रस्ताव फरवरी 2020 में पास किया था। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को स्मार्ट सिटी के तहत पूरा किया जाएगा। जिन स्थानों में पिंक चौकी बनाई गई हैं,वहां के बारे में जानकारी हासिल करके जनपद में भी इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।