बरेली-मुरादाबाद MLC चुनाव: भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला, 7696 शिक्षक तय करेंगे किसकी होगी जीत
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है, जिसमें 7696 शिक्षक मतदाता 17 ...और पढ़ें

मताधिकार का प्रयोग करने के बाद सेल्फी लेतीं महिलाएं
HighLights
शाम चार बजे तक पड़ेंगे वोट, 7696 शिक्षक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले के 12 मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव में कुल 7696 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सदर तहसील में बने बूथ संख्या 76 पर केजीके इंटर कालेज में प्रवक्ता श्रीपाल सिंह ने पहला वोट डाला जबकि शिक्षक राम प्रकाश ने दूसरा वोट डाला। चुनाव मैदान में 17 प्रत्याशी हैं।
-1792741382254.webp)
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ निगरानी के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकारी सुबह से ही अलर्ट मोड में हैं। मतदान के दौरान किसी तरह की शिकायत या समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई के लिए निर्वाचन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
भोजपुर धर्मपुर में सर्वाधिक 57.97 प्रतिशत मतदान, मूंढापांडे दूसरे स्थान पर
दोपहर 12 बजे तक जिले के 12 मतदान केंद्रों पर कुल 38.58 प्रतिशत मतदान हुआ। भोजपुर धर्मपुर स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय मतदान केंद्र पर सर्वाधिक 57.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
यहां कुल 395 मतदाताओं में से 229 ने वोट डाले। इनमें 290 पुरुष मतदाताओं में से 174 और 105 महिला मतदाताओं में से 55 ने मतदान किया। मूंढापांडे क्षेत्र पंचायत कार्यालय 49.07 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
यहां 216 मतदाताओं में से 106 ने वोट डाले। कृषि उत्पादन मंडी समिति मझोला में 48.04 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 968 मतदाताओं में से 465 ने मतदान किया।
कांठ रोड स्थित तहसील कार्यालय के कक्ष संख्या एक में 47.95 प्रतिशत और डिलारी क्षेत्र पंचायत कार्यालय में 46.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सबसे कम 26.42 प्रतिशत मतदान कांठ तहसील कार्यालय में हुआ। जिले में कुल 7696 मतदाताओं में से 2969 ने दोपहर 12 बजे तक मतदान किया। इनमें 1622 पुरुष और 1347 महिला मतदाता शामिल हैं।
भाजपा-सपा के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
चुनाव में भाजपा से डाॅ. हरि सिंह ढिल्लों और सपा से हाजी दानिश अख्तर मैदान में हैं। इनके अलावा 15 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
-1792741342374.webp)
निर्दलीय प्रत्याशियों में नरेश कुमार शर्मा, नाज रिजवी, नेत्रपाल, बहार आलम, रमेश चंद्र, राजकुमार सिंह, कैप्टन डा. राजीव कुमार चौहान, डा. राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, रोहिल अल्ताफ, विद्युत कुमार, विमलेंद्र कुमार शर्मा विमल, गुरुजी संजय कुमार मिश्र, डा. सुनीत गिरि और हरेंद्र सिंह शामिल हैं।
डाॅ. सुनीत गिरि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट से जुड़े हैं, जबकि विमलेंद्र कुमार शर्मा विमल माध्यमिक शिक्षक संघ के चेतनारायण गुट से हैं।
यह भी पढ़ें- चीनी के दाम पर अंकुश की तैयारी: मेरठ-बरेली से मुरादाबाद की 7 मिलों को मिलेगा 1.10 करोड़ क्विंटल गन्ना
