विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bank Employee Strike: सप्ताह में 5 दिन काम की मांग को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन, चेक क्लीयरेंस और कैश लेनदेन अटका

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:44 PM (IST)

बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर देशव्यापी हड़ताल की, जिससे मुरादाबाद और रामपुर ...और पढ़ें

मुरादाबाद में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान बैंक के बाहर मौजूद कर्मचारी

मुरादाबाद में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान बैंक के बाहर मौजूद कर्मचारी

जागरण टीम, मुरादाबाद। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण शहर के बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा। बैंक पहुंचे ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा। नकदी जमा करने, निकालने, चेक जमा करने और अन्य जरूरी बैंकिंग काम के लिए पहुंचे लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई।

मुरादाबाद में पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, स्टेट बैंक आफ इंडिया, आंध्रा बैंक, प्रथमा बैंक, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक, बैंक आफ इंडिया समेत विभिन्न बैंकों के कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगें उठाईं।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 12.10.42 PM

अध्यक्ष नवनीत कुमार, सचिव एसपी सिंह और सुरभि शर्मा ने कहा कि सरकार एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण लाभ आधारित प्रोत्साहन योजना का कार्यान्वयन रोके। कर्मचारियों के साथ वार्ता कर योजना में संशोधन किया जाए।

शहर के विभिन्न बैंकों में प्रतिदिन करीब एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है। शुक्रवार को हड़ताल के कारण बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने से व्यापारियों, वेतनभोगियों और आम ग्राहकों को परेशानी हुई।

कई लोगों को जरूरी भुगतान और लेनदेन के लिए अगले कार्यदिवस का इंतजार करना पड़ेगा। प्रदर्शन में मयंक गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, संदीप सिंह, महेश चौहान, नवीन सैनी, प्रेम सिंह अधिकारी, राहुल यादव और लवनीश भटनागर आदि मौजूद रहे।

रामपुर में बैंककर्मियों ने की हड़ताल सेवाएं प्रभावित

रामपुर। सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बैंककर्मियों की हड़ताल से शुक्रवार को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंकों की शाखाओं में कामकाज ठप रहने से ग्राहकों को नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।

बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं के विस्तार के बाद शाखाओं में कामकाज का स्वरूप बदल गया है।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 1.07.06 PM

इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सुविधाओं के व्यापक इस्तेमाल को देखते हुए सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना समय की जरूरत है।

हड़ताल के कारण कई शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाएं उपलब्ध रहीं। बैंक संगठनों ने कहा कि उनकी मांग लंबे समय से लंबित है और इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद मुस्तफा मस्जिद विवाद में अजय राय की एंट्री, बोले- 'CM योगी दिखाएं अपने आवास का नक्शा'