बीवी पर रखता था बुरी नजर, गुस्से में आकर चाकू से गोद डाला
मनोज ने सभी के सामने जुर्म कुबूल कर लिया। उसने साफ कर दिया कि लाखन मेरी पत्नी पर बुरी नजर रखता था।
मुरादाबाद । कुंदरकी के नानपुर में 54 दिन पहले हुई किसान लाखन सिंह की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर पड़ोसी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। मनोज ने सभी के सामने जुर्म कुबूल कर लिया। उसने साफ कर दिया कि लाखन मेरी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। उसे कई बार समझाया भी था, इसके बाद भी वह नहीं माना तो चाकुओं से गोद कर मौत के घाट उतार दिया।
ये है पूरा मामला
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में सहायक पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता ने बताया कि पांच दिसंबर की रात भतीजे की शादी में हिस्सा लेने के बाद लाखन अपने घेर में सोने आ गया था। मनोज पहले से ही घेर के बाहर छुपकर लाखन का इंतजार कर रहा था। लाखन आया और करीब 15 मिनट में ही सो गया। तभी मनोज घेर में घुसा और सोते लाखन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। एएसपी ने बताया कि लाखन की उम्र 60 वर्ष थी, जो पड़ोस में रहने वाले मनोज की 30 वर्षीय पत्नी पर बुरी नजर रखता था। हत्या करने के बाद मनोज ने चाकू को गांव के ही सुनील के खाली पड़े घेर में दबा दिया था।
पुलिस की पड़ताल से जेल जाने से बचे दो बेगुनाह
बुजुर्ग लाखन की हत्या के बाद उसके बेटे सत्यपाल ने नारायण सिंह निवासी सब्जीपुर थाना पाकबड़ा और अतर सिंह निवासी नानकार थाना पटवाई रामपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शुरुआत में पुलिस ने दोनों हत्यारोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन दोनों लगातार बेगुनाह बताते रहे। इसके बाद पुलिस ने अन्य बिंदुओं की गहराई से जांच की। इसमें लाखन का चाल-चलन ठीक नहीं होने की बात सामने आई। कुछ दिन बाद ही मनोज का नाम सामने आ गया। हिरासत में लेकर मनोज से पूछताछ की तो उसने हत्याकांड को अंजाम देने की बात कुबूल कर ली।