मेकअप आर्टिस्ट से मायानगरी का सफर... अब 114 साल पुरानी रामलीला में पहली बार 'माता सीता' का किरदार निभाएंगी अन्नू
मुंबई की सीरियल कलाकार अन्नू दाऊ दयाल खन्ना नगर की 114 वर्ष पुरानी रामलीला में पहली बार माता सीता की ...और पढ़ें

अन्नू स्रोत स्वयं
HighLights
आयुष्मान खुराना की फिल्म शुभ मंगल सावधान में मेकअप आर्टिस्ट के रूप में किया था काम
संवाद सहयोगी, दाऊ दयाल खन्ना नगर (मुरादाबाद)। दाऊ दयाल खन्ना नगर की 114 वर्ष पुरानी रामलीला में इस बार मुंबई से आईं सीरियल कलाकार अन्नू माता सीता की भूमिका निभाएंगी। मूल रूप से नई दिल्ली की रहने वाली अन्नू ने दिल्ली से बीसीए की पढ़ाई की है।
वह करीब सात वर्ष पहले अभिनय की दुनिया में नाम कमाने नहीं, बल्कि मेकअप आर्टिस्ट के रूप में अपनी पहचान बनाने मुंबई पहुंची थीं। हालांकि हुनर ने उन्हें मेकअप की दुनिया से अभिनय के मंच तक पहुंचा दिया।
अन्नू ने बताया कि मुंबई में मेकअप आर्टिस्ट के रूप में उन्हें अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ में काम करने का अवसर मिला। इसके अलावा टीवी धारावाहिक ‘शक्ति’ में भी उन्होंने कलाकारों का मेकअप किया।
उन्होंने बताया कि मुंबई में कलाकारों का मेकअप करने के दौरान एक धारावाहिक के सेट पर निर्देशक राजीव ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें अभिनय के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अन्नू ने ‘लाल इश्क’ धारावाहिक से अभिनय की शुरुआत की।
इसमें उन्होंने भोजपुरी अभिनेत्री संभावना सेठ के साथ काम किया। उनके अभिनय को सराहना मिली और यहीं से अभिनय में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी मिला। हाल ही में वह वेब सीरीज में भी काम कर चुकीं हैं।
अन्नू ने बताया कि उनका धार्मिक आयोजनों से जुड़ाव टीवी शो ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ के दौरान श्री राम सिंह कुंती कला संगम के निदेशक राहुल कुमार से मुलाकात के बाद हुआ। राहुल ने उनकी प्रतिभा और अनुभव को देखते हुए उन्हें धार्मिक आयोजनों से जोड़ा।
इसके बाद अन्नू उनके साथ मुंबई में कई कार्यक्रमों में प्रस्तुति दे चुकी हैं। बड़े आयोजनों में भी उन्हें आमंत्रित किया जाता रहा है। अब उनके निर्देशन में ही रामलीला के मंच पर उन्हें एक बड़ा किरदार निभाने का मौका मिला है।
मुरादाबाद में रामलीला के मंच पर माता सीता का किरदार निभाना अन्नू के लिए पहली ऐसी भूमिका है, जिसे निभाने के लिए वह कई वर्षों से कार्य कर रही थीं। उन्होंने बताया कि रामलीला में सीता की भूमिका निभाने को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं।
परिवार में भी इसको लेकर खासा उत्साह है। सीता स्वयंवर में बेटी को माता सीता के रूप में देखने के लिए परिवार के सदस्य भी दिल्ली से आने को बेताब हैं। मेकअप आर्टिस्ट के रूप में शुरू हुआ अन्नू का सफर अब रामलीला के मंच तक पहुंच चुका है।
बीसीए की पढ़ाई से लेकर मायानगरी के मेकअप रूम और फिर कैमरे के सामने तक पहुंची अन्नू, अब मर्यादा और त्याग की प्रतीक माता सीता के चरित्र को मंच पर जीवंत करेंगी।।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा खेल: परिवहन अफसर का ड्राइवर ही निकला खनन माफियाओं का 'जासूस', लोकेशन बेचकर हर महीने कमा रहा लाखों
