पिता से नाराज होकर 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया युवक, 24 घंटे बाद उतरा
Young man climbing tower in Moradabad पिता से मकान बेचने को लेकर विवाद होने पर युवक टावर पर चढ़ गया। कार्रवाई न करने का आश्वासन देकर पुलिस ने उसे उतरवाया।
मुरादाबाद, जेएनएन। जिले में पिता से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि पुलिस भी कई घंटे तक परेशान रही। परिवार और आसपास के लोग भी उसे समझाते रहे लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। दरअसल थाना कटघर क्षेत्र के बलदेवपुरी में पिता से नाराज एक युवक ट्रांसमिशन की हाईटेंशन विद्युत लाइन के 200 फिट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। वह 24 घंटे बाद नीचे उतरा। वह पिता से मकान बेचने को लेकर विवाद होने पर युवक टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने उसे कार्रवाई न करने का वायदा करके नीचे उतारा। पुलिस युवक का मेडिकल करा रही है
यह है पूरा मामला
सोमवार को करीब दस बजे बलदेवपुरी निवासी मनोज कुमार उर्फ सागर अचानक मुहल्ले में स्थित ट्रांसमिशन की हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया था। लोगों को शुरू में लगा था कि बिजली विभाग का कर्मचारी है। लेकिन, करीब दो घंटे तक जब टावर पर चढ़ा रहा तब आसपास के लोगों ने उसके बारे में पूछताछ शुरू कर दी। सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन के टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टावर पर चढ़े युवक से बात करनी चाही। लेकिन, उसकी आवाज नहीं सुनाई दी। थोड़ी देर में फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीम वहां पहुंच गई। एहतियातन ट्रांसमिशन लाइन से सप्लाई बंद कराई गई। पुलिस युवक से नीचे उतरने के लिए उसे मनाने की कोशिश करती रही। लेकिन, नीचे नहीं आया।
बातचीत करने की कोशिश करने पर फिर ऊपर चढ़ जाता था। बताया जा रहा है कि मनोज के पिता ने मकान किसी को बेच दिया है, उससे पैसे ले लिए हैं। अब पिता मकान का बैनामा करना चाह रहे हैं। मनोज उसका विरोध कर रहा है। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा है। विवाद के कारण ही मनोज टावर पर चढ़ गया था। सीओ कटघर पूनम सिरोही ने बताया कि सुबह साढ़े दस मनोज को समझाकर टावर से उतरने के लिए राजी कर लिया गया। उसका मेडिकल कराया जा रहा है।