अमरोहा में ग्रामीणों ने पकड़ा तेंदुआ, पीट-पीटकर किया अधमरा, तेंदुए के हमले से गुस्से में थे गांव वाले
Leopard Attack in Amroha खेत में खड़े दो ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए। हमले के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने तेंदुए की तलाश कर लाठियों से पीटकर अधमरा कर दिया। घायल तेंदुए को वन विभाग की टीम को सौंप दिया।
अमरोहा, जेएनएन। Leopard Attack in Amroha : खेत में खड़े दो ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए। हमले के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने तेंदुए की तलाश कर लाठियों से पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद घायल तेंदुए को वन विभाग की टीम को सौंप दिया। दोनों घायल ग्रामीणों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने अमरोहा-नौगावां मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर वह माने। वन विभाग की टीम घायल तेंदुए का इलाज करा रही है।
मामला उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मखदूमपुर का है। यहां रहने वाले किसान परम सिंह ने बुधवार सुबह घर के पास गन्ने के खेत में तेंदुआ देखा था। तेंदुआ मिलने की जानकारी हुई तो गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर जंगल में पहुंच गए। खेत में तेंदुआ को घेर लिया। खुद को घिरता देख तेंदुआ गन्ना के खेत से निकल कर भागा तो ग्रामीण पीछे हो लिए। बाद में वह धर्मपाल सैनी के टमाटर के खेत में आकर छुप गया।
सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर तेंदुआ को पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी दौरान तेंदुआ ने गांव के ही रहने वाले किसान रोहताश व पास के गांव यहियापुर निवासी किरनपाल पर हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों पर हमला होने के बाद हड़कंप मच गया। भगदड़ में वन कर्मी भी चोटिल हो गए। इस दौरान वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को जाल में फंसा दिया था, लेकिन वह निकल कर भाग गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने तेंदुआ को फिर से घेर लिया तथा लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया। वन विभाग की टीम उसे बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। किसी तरह से तेंदुआ को बचा कर टीम प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय ले आई तथा उसका उपचार शुरु कराया। वहां वन विभाग द्वारा एक ग्रामीण को हिरासत में ले लिया गया। इसकी सूचना मिलने पर फिर से ग्रामीणों ने हंगामा शुरु किया तथा अमरोहा-नौगावां मार्ग जाम कर दिया।
वह युवक को छोड़े जाने की मांग पर डट गए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर मामला शांत कराया। लगभग 10 मिनट बाद उन्होंने जाम खोल दिया। डीएफओ देवमणि मिश्रा ने बताया कि तेंदुआ उपचाराधीन है। मामले की जांच कराई जाएगी। इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई भी होगी।