Amroha में 24 घंटे में बढ़े कोरोना संक्रमित, 25 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजीटिव, सक्रिय केस 217 हुए
Amroha Coronavirus News अमरोहा जनपद में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को 25 लोग और कोरोना संक्रमित निकले हैं। जिन्हें दवाई देने के साथ-साथ होम आइसोलेट कराया गया है। लोगों की लापरवाही के कारण कोरोना केसों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। Amroha Coronavirus News : अमरोहा जनपद में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को 25 लोग और कोरोना संक्रमित निकले हैं। जिन्हें दवाई देने के साथ-साथ होम आइसोलेट कराया गया है। लोगों की लापरवाही के कारण कोरोना केसों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है।
रोज नए लोग उसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। गुरुवार को 25 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। यह जानकारी देते हुए जिला सर्विलांस अधिकारी डा.सतपाल सिंह ने बताया कि पिछली एक अगस्त से अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 217 तक पहुंच गई है। सभी पीड़ितों को दवाई दे दी गई है।
घर पर ही रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि लोग बेपरवाह हो गए हैं। मुंह पर मास्क नहीं लगा रहे हैं। जिसकी वजह से संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। गनीमत है कि इससे अभी कोई मृत्यु नहीं हुई है। यह संक्रमण बड़ों के अलावा बच्चों में भी फैल रहा है।
सीएचसी में बिगड़ी महिला की हालत, कुछ देर में मौत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ गई। जिससे यहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां पर उसकी मृत्यु हो गई। स्वजन ने स्टाफ पर लापरवाही का आराेप लगाते हुए हंगामा किया। लेकिन, बाद में समझाने पर मामला शांत हो गया।
गांव बसैली निवासी महेश की पत्नी सरिता को प्रसव पीड़ा होने पर गुरुवार को सीएचसी में भर्ती कराया था। यहां पर स्वस्थ तरीके से बेटे को जन्म दिया। इसके एक-डेढ़ घंटे बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां पर उसकी मृत्यु हो गई।
बाद में स्वजन शव लेकर सीएचसी पर पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। चिकित्सा अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की मृत्यु लापरवाही बरतने से नहीं हुई है। उसे हार्ट अटैक हुआ है।