प्रेम प्रसंग में पुलिस कर्मी ने महिला सिपाही को गोली से उड़ाया, खुद को भी मारी गोली, महिला सिपाही की मौत
मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक पुलिस कर्मी ने महिला सिपाही को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच गए।
मुरादाबाद, जेएनएन। अमरोहा जिले के थाना आदमपुर क्षेत्र से संबद्ध डायल-112 में तैनात सिपाही ने जिले केे एक थानेे में तैनात महिला सिपाही को प्रेम प्रसंग के चलते गोली मार दी थी। बाद में उसने खुद के सीने पर भी गोली चला दी थी। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया था। यहां इलाज के दौरान महिला सिपाही की मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र निवासी महिला पुलिस कर्मी अमरोहा जिले के एक थाने में तैनात है। चर्चा है कि उसका थाना सैदनगली क्षेत्र से संबद्ध डायल-112 की गाड़ी 2797 पर तैनात हरियाणा के जिला कैथल के थाना कुंडरी क्षेत्र के गांव पाई निवासी सिपाही मनोज चौधरी पुत्र कृष्ण कुमार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों बातचीत करते थे, और शादी करना चाहते थे। इस बीच महिला पुलिस कर्मी ने शादी से इन्कार कर दिया। इससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। सिपाही मनोज तमंचा लेकर उसके कमरे पर पहुंच गया। वहां पर पहले महिला सिपाही के सीने पर गोली मारी और फिर खुद के भी सीने पर गोली मार ली। पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से दोनों को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान महिला पुलिस कर्मी की मौत हो गई। जबकि सिपाही की हालत गंभीर बनी हुई है।
मुरादाबाद में भर्ती घायल पुलिस कर्मियों को देखने पहुंचे आइजी
गजरौला में सिपाही द्वारा महिला सिपाही को गोली मारने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दोनों को गंभीर अवस्था में दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पर स्थानीय अफसर भी उन्हें देखने के लिए पहुंचे। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली, इसके बाद आइजी रमित शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से बात की। महिला पुलिस कर्मी मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। अमरोहा एसपी आनन-फानन में मौके पर पहुंच गईंं। घायल अवस्था में दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने मुरादाबाद रेफर कर दिया। दोनों को दिल्ली रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।