प्रशासन द्वारा तीन दिन में 22 हजार लोगों का कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण,ग्रामीणों को डाउनलोड कराया एप Rampur News
कोरोनावायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मुरादाबाद मंडल के सभी जिले इससे बुरी तरह से प्रभावित हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
रामपुर,जेएनएन। प्रशासन द्वारा तीन दिन में 22 हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या 500 से अधिक है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से घरों पर जाकर लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी को 29 टीमें लगाई हैं। टीम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम तथा पुलिस कर्मी लगाए हैं। क्षेत्रीय नोडल अधिकारी डॉक्टर आफताब इकबाल बेग, जोनल सुपरवाइजर डॉक्टर नूर अहमद, सुपरवाइजर इंतजार सैफी, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद फैजान, जैनुल आबिदीन की देखरेख में टीमों ने शनिवार से कार्य शुरू किया है। तीन दिन में 2917 घरों पर 22648 लोगों का सर्वे किया गया। इसमें 578 लोग 60 वर्ष से अधिक की आयु के हैं। उधर, अहमदाबाद से रामपुर आने वाले 12 सौ लोगों को प्रत्येक तहसील में दो सौ लोगों को शेल्टर होम में रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसडीएम गौरव कुमार ने बताया कि नगर में दो शेल्टर होम बनाए हैं, जिसमें राजकीय इंटर कालेज व सनराइज इंटर कालेज हैं। इनमें अहमदाबाद से आ रहे दो सौ प्रवासी लोगों को रखा जाएगा। वहीं पांच दिन पूर्व मुहल्ला टंडोला निवासी हिमाचल से आए दस लोगों के सेंपल निगेटिव आने के बाद उनके घरों को रवाना कर दिया है। उधर मंडी समिति में चार दिन पहले लिए गए 40 लोगों के भी सेंपल निगेटिव आने पर नगरवासियों व प्रशासन ने राहत की सांस ली है। टांडा को हॉट स्पॉट खुलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों को समझाए गए एप के फायदे
कोविड-19 वायरस से डॉक्टर, नर्स, पुलिस, प्रशासन के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी कोरोना योद्धा की भूमिका निभा रही हैं। परम गांव के केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश गंगवार प्रतिदिन घर-घर जाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रही हैं। डाटा को नगर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा रही हैं। सोमवार को उन्होंने परम गांव में घर-घर जाकर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराया। ग्रामीणों को इसके फायदे समझाए। उन्होंने 52 ग्रामीणों को ऐप डाउनलोड कराया।