टैक्स वसूली में धांधली के आरोप, सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी
Accusations of rigging in tax collection पार्षद नदीम अंसारी का कहना है कि नगर विधायक ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टैक्स में धांधली की शिकायत की थी। इसकी जांच करने के आदेश प्रमुख सचिव नगर विकास ने दिए हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Accusations of rigging in tax collection। टैक्स वसूली में धांधली के आरोपों को लेकर सफाई कर्मचारी संगठन ने नगर निगम कर्मचारी संघ को समर्थन दे दिया है। अब सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी गई है। आगे की रणनीति के लिए नगर निगम कर्मचारी संघ और सफाई कर्मचारी संगठनों की बैठक बुलाई गई है।
निर्णय लिया गया है कि नगर निगम कर्मचारियों पर लगे आरोपों की पुष्टि पार्षदों ने अगर नहीं की तो सफाई व्यवस्था ठप की जाएगी। पार्षद अपने वार्डों में ठेके चहेते ठेकेदारों को ही दिलवाते हैं और कमीशन वसूलते हैं। टैक्स के मुद्दे पर बोले कि एरिया अधिक है और टैक्स कम भर रहे हैं। इसको लेकर सही टैक्स निर्धारण करके नोटिस देते हैं तो उन्हें ज्यादा लगता है। इधर, पार्षदों ने भी मोर्चा खोलने के लिए कमर कस ली है। उनका आरोप है कि फर्जी बिल बुक से नोटिस दिए जाते हैं और धमका कर वसूली की जाती है। पार्षद नदीम अंसारी का कहना है कि नगर विधायक ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टैक्स में धांधली की शिकायत की थी। इसकी जांच करने के आदेश प्रमुख सचिव नगर विकास ने दिए हैं। अगर इसकी जांच ईमानदारी से हो जाए तो मामला सामने आ जाएगा। नगर आयुक्त संजय चौहान ने कहा कि लॉकडाउन लगने के बाद वसूली निरंतर हो रही है। बोर्ड बैठक के बाद अगर आरोपों के कारण वसूली कम हुई है तो इसकी समीक्षा की जाएगी। आरोपों की भी जांच कराई जा रही है। मगर अभी तक किसी भी पार्षद ने अवैध रूप से टैक्स वसूली के साक्ष्य नहीं जमा कराए हैं।