रामपुर के मसवासी में घर में अकेली थी महिला, घर में घुसकर दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि आरोपित ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पति के खेत से वापस आने पर उसने आपबीती बताई तो वह उसे साथ लेकर चौकी पहुंचा। वहां पर नामजद तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रामपुर। जिले के मसवासी क्षेत्र में पति की गैरमौजूदगी में महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार पुलिस को तहरीर दी। लेकिन, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार सप्ताह भर पूर्व गांव का दबंग युवक उसे अकेला पाकर घर में घुस आया था। आरोप है कि उसने उससे छेड़छाड़ शुरु कर दी। शोर-मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि तब पुलिस ने साठगांठ कर उसे छोड़ दिया था। अब बदला लेने की नीयत से वह अपने साथी के साथ फिर से उसे अकेला देख घर में घुस आया। आरोप है कि इस बार उसने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। पति के खेत से वापस आने पर उसने आपबीती बताई तो वह उसे साथ लेकर चौकी पहुंचा। वहां पर नामजद तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के अनुसार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वहीं चौकी प्रभारी अमरसेन ने घटना की जानकारी से ही इन्कार किया है।