मुरादाबाद रेल मंडल के 17 स्टेशनों का होगा कायाकल्प, गुजरात के इस स्टेशन का मॉडल होगा लागू Moradabad news
ट्वीट में कहा गया है कि इस कार्य के लिए रेलवे को काफी प्रशंसा मिल रही है।
मुरादाबाद, (प्रदीप चौरसिया)। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे नित नए प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में मुरादाबाद रेल मंडल के 17 स्टेशनों का कायाकल्प होगा। इन स्टेशनों का विकास गुजरात के पोरबंदर स्टेशन के मॉडल पर होगा। मंडल में कोटद्वार स्टेशन को इसी तर्ज पर विकसित किया गया है और अब 16 और स्टेशनों का विकास इसी मॉडल पर किया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन का देंगे संदेश
रेल मंत्रालय ने रेल मंत्री पीयूष गोयल की ओर से ट्वीट में पोरबंदर रेलवे स्टेशन का फोटो लगाया है। इसमें महात्मा गांधी के जीवनी से संबंधित चित्र लगाए गए हैैं। स्वच्छ भारत मिशन का संदेश देने का काम किया गया है। पोरबंदर मॉडल के तहत देश भर में सौ स्टेशन का विकास किया जाना है। इस तर्ज पर मुरादाबाद रेल मंडल के कोटद्वार स्टेशन का विकास किया गया है। यहां भी महात्मा गांधी के अलावा उत्तराखंड से संबंधित चित्र बनाए जाएंगे। स्टेशन भवन का सुधार किया गया है।
महात्मा गांधी के अलावा बनेंगी अन्य तस्वीरें
मुरादाबाद रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों का विकास बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। मध्य श्रेणी के स्टेशनों को पोरबंदर स्टेशन के तर्ज पर विकसित किया जाना है। रेल मंडल में 17 स्टेशनों का चयन किया गया है। इन स्टेशनों का विकास होना है। महात्मा गांधी के अलावा स्थानीय महत्व वाले चित्र भी बनाए जाएंगे। रेल मंडल के तीर्थस्थल जाने के छोटे स्टेशन नैमिषारण्य, राजघाट, गढ़मुक्तेश्वर का भी ऐसे ही विकास किया जाएगा।
प्रवर वाणिज्य प्रबंधक रेखा ने बताया कि रेल मंडल के स्टेशनों का विकास करने के साथ चित्र बनाए जा रहे हैैं। यहां यात्री सुविधा का भी विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन का संदेश देने का काम भी किया जा रहा है।